बैतूल थाना क्षेत्र में एक मासूम को जादू-टोने के संदेह में अपनी जान गंवाना पड़ा। 2 आरोपी पहले तो मासूम बालक को खेलने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला कर और रस्सी से गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव बोरी में बांध कर जंगल के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 22 जून को फरियादिया संगीता पति सद्दू आहके उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम ताईखेड़ा थाना मुलताई द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका 12 साल का नाबालिग पुत्र अंकुश आहके 20 जून को दोपहर लगभग 3 बजे से लापता है। फरियादिया ने यह भी बताया कि गांव के ही सुदामा पिता मोहन इनवाती (उम्र 18 वर्ष 03 माह) ने उसके बेटे अंकुश अहाके को खेलने के बहाने घर से अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा।
विशेष टीम ने शुरू की खोजबीन
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मुलताई विकास पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर गुमशुदा बालक की तलाश तेज की गई एवं विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन शुरू की गई। विवेचना के दौरान संदेही सुदामा पिता मोहन इनवाती की तलाश की गई। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ में एवं तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह गहराने पर उससे पूछताछ की गई। जिसमें उसने खुलासा किया कि उसने अपने साथी राकेश उइके (उम्र 36 वर्ष) के साथ मिलकर नाबालिग अंकुश आहके की हत्या कर दी है।
हत्या करने का यह बताया कारण
आरोपी ने बताया कि दोनों को अंधविश्वास एवं जादू-टोने का संदेह था। इसी संदेह के चलते उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से अंकुश को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर एवं रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के पश्चात साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बोरी में बांधकर ग्राम सालईढाना के जंगल स्थित नाले में फेंक दिया।
बोरी में बंधा शव किया गया बरामद
आरोपी सुदामा पिता मोहन इनवाती के मेमोरेंडम एवं निशानदेही पर दूसरे आरोपी राकेश उइके को हिरासत में लिया गया। राकेश द्वारा भी अपराध स्वीकार करते हुए शव छिपाने के स्थान की जानकारी दी गई। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ग्राम सालईढाना के जंगल में नाले से बोरी में बंधा शव बरामद किया, जिसकी पहचान मृतक अंकुश आहके के रूप में उसके परिजनों द्वारा की गई। आरोपी राकेश उइके एवं सुदामा इनवाती को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
रिपोर्ट- मयंक भार्गव
ये भी पढ़ें: अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण, लेकिन उनकी तबीयत ने खींचा ध्यान, सहारा देकर मंच तक लाई गई सिंगर