मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में विसर्जन के लिए देवी दुर्गा की मूर्ति ले जा रहे एक ट्रक के हाई-टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। ASP अंजना तिवारी ने बताया कि घटना रविवार देर रात गौरा बाजार इलाके में हुई जब मूर्ति ले जा रहे ट्रक का एक पाइप बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया।
35 लोगों को लाया गया अस्पताल
एएसपी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 10 से 15 लोग करंट लगने से घायल हो गए। हालांकि, सरकारी विक्टोरिया अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर नितिन यादव ने बताया कि कुल 35 लोगों को अस्पताल लाया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य को ICU समेत विभिन्न वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है।
ट्रक में सजावट के लिए लगे थे लोहे के खंभे
गौरा बाजार थाना क्षेत्र के टेमर भीटा इलाके में नवरात्रि उत्सव के लिए स्थापित मूर्ति को रविवार रात विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। मूर्ति ले जा रहे ट्रक में सजावट के लिए लोहे के खंभे लगे हुए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि रास्ते में लोहे के खंभे 11 हजार किलोवॉट की बिजली की लाइन से टकरा गए, जिससे करंट लग गया।
मृतकों के नाम-
मृतकों की पहचान चिंटू विश्वकर्मा (38) और अखिलेश पटेल (48) के रूप में हुई है। दोनों ट्रक पर सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस संबंध में आगे की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय विधायक अशोक रोहाणी, जिलाधिकारी राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
गुजरात के पाटन में दर्दनाक हादसा, ट्रक-बाइक से टकराई वैन, 4 मौतें, 15 घायल, 2 की हालत गंभीर
Video: ब्रिज पर लटकी यूपी रोडवेज की बस, 16 यात्री सवार थे, सड़क पर पड़ा पत्थर बना हादसे की वजह