इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने कबाड़ कारोबारी के कर्मचारी के करीब 30 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा किया है और बुधवार, 17 जून 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को वारदात में उनके शामिल होने के आधार पर पकड़ा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी शेयर की है। अधिकारी के अनुसार आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के कारण हुए घाटे और कर्ज के कारण लूट की साजिश रची थी।
30 लाख लूटकांड में 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि 11 जून की रात पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी के कर्मचारी मुकुल अग्रवाल (22) से मारपीट करके 29 लाख 65 हजार रुपये नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। संतोष कुमार सिंह ने आगे बताया कि अग्रवाल विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से भुगतान के रूप में जमा नकदी लेकर दोपहिया वाहन से जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर मुकाती उर्फ चंदू (43), प्रवीण भंडारी (37) और अमर उर्फ भांजा (42) शामिल हैं।
आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए चोरी किए 30 लाख
संतोष कुमार सिंह ने बताया, 'मुकाती और भंडारी गोवा के एक शोरूम में कुछ समय पहले एक साथ काम कर चुके हैं।' पुलिस आयुक्त के अनुसार ये साजिश मुकाती ने की है, जिसने पूछताछ के दौरान बताया कि क्रिप्टोकरेंसी में निवेश में हुए घाटे और कर्ज के चलते उसने अपने दो साथियों संग चोरी करना का प्लान बनाया था। संतोष कुमार ने यह भी बताया कि पुलिस ने लूटी गई रकम में से 22 हजार 60 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदी गई एक कार आरोपियों के कब्जे से बरामद की है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि सुराग मिले हैं कि लूट की रकम का एक हिस्सा जेवरात और कपड़े खरीदने में खर्च किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की मदद करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की गहराई से जांच किया जा रहा है।
ये भी पढे़ं-
भोपाल राजमार्ग पर बेकाबू एसयूवी पलटी, भाजपा नेता समेत दो लोगों की मौत