1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. हेलमेट नहीं लगाने पर पुलिस ने रोकी गाड़ी, पूर्व विधायक बोले- 'कोई दस्तावेज नहीं, गाड़ी भी चोरी की', कट गया 2300 का चालान

हेलमेट नहीं लगाने पर पुलिस ने रोकी गाड़ी, पूर्व विधायक बोले- 'कोई दस्तावेज नहीं, गाड़ी भी चोरी की', कट गया 2300 का चालान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 02, 2025 04:11 pm IST,  Updated : Nov 02, 2025 04:11 pm IST

पुलिस ने हेलमेट के बिना बाइक चला रहे पूर्व विधायक को रोका तो वह नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि गाड़ी चोरी की है और उनके पास कोई कागज नहीं हैं। ऐसे में एसपी ने 2300 का चालान काट दिया और गाड़ी थाने भिजवा दी।

Police MLA Debate- India TV Hindi
एसी और पूर्व विधायक के बीच बहस Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के बालाघाट में हेलमेट चेकिंग के दौरान पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे को नेतागिरी करना भारी पड़ गया। पुलिस की तरफ से उन्हें बिना हेलमेट पहने गाड़ी चलाने के लिए रोका गया था, लेकिन जब उन्होंने सही तरीके से जवाब नहीं दिया तो उनका 2300 रुपये का चालान काट दिया गया। इसके साथ ही उनकी गाड़ी को जब्त कर थाने भिजवा दिया गया। इस दौरान एसपी और पूर्व विधायक के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बालाघाट शहर में एक नवंबर से पुलिस ने हेलमेट जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत लोगों को हेलमेट लगाने के लिए जागरुक किया जा रहा है और बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वाले लोगों का चालान काटा जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार शाम क्षेत्र के पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे और एसपी के बीच बहस हो गई।

पुलिस और विधायक के बीच बहस

पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे बिना हेलमेट लगाए जा रहे थे। ऐसे में पुलिस ने उनकी बाइक रोक दी। हालांकि, पुलिस सभी को नहीं रोक रही थी। ऐसे में विधायक ने कहा कि सभी को रोकना चाहिए। वह चाहते थे कि पुलिस बिना कार्रवाई के उन्हें जाने दे, लेकिन पुलिस ने जाने नहीं दिया और बाइक खड़ी करवा दी। पुलिसकर्मी ने उनसे कागज दिखाने को कहा। इससे पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे ने बात बढ़ने पर एसपी से कह दिया कि मुझे कानून मत सिखाओ, मैं पूर्व विधायक हूं। मेरे पास कोई दस्तावेज नहीं है। मेरी बाइक चोरी की है, आप पता करा लीजिए। स्थिति धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।

2300 रुपए का जुर्माना लगाया

पूर्व विधायक के पास हेलमेट और अन्य दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने उनकी गाड़ी खड़ी करवा दी और 2300 रुपए का जुर्माना लगा दिया। यह सब पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा की उपस्थिती के दौरान हुआ। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पूर्व विधायक और एसपी आदित्य मिश्रा के बीच बहस भी हुई। चालान राशि न चुकाने पर उनकी बाइक को थाने ले जाया गया। यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

सड़क सुरक्षा नियम सबके लिए समान

पूर्व विधायक वीडियो में बोलते दिखाई दे रहे है कि बाकी लोग बिना हेलमेट निकल रहे थे, लेकिन सिर्फ उनका चालान काटा गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियम सबके लिए समान हैं। जो भी व्यक्ति बिना हेलमेट वाहन चलाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कानून के सामने कोई बड़ा या छोटा नहीं है।

(बालाघाट से शौकत बिसाने की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भोपाल में गंदगी को लेकर विवाद, नगर निगम के सफाई दरोगा को दो लोगों ने पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात

खंडवा: सपने में मिले भगवान शिव तो मोहम्मद से बन गया महादेव, अपनाया सनातन धर्म

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।