1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. महिला कांग्रेस पार्षद का दबंग बेटा, भरी बैठक में CMO का पकड़ा कॉलर और कुर्सी से खींचा, जमकर बरसाए थप्पड़-VIDEO

महिला कांग्रेस पार्षद का दबंग बेटा, भरी बैठक में CMO का पकड़ा कॉलर और कुर्सी से खींचा, जमकर बरसाए थप्पड़-VIDEO

 Published : Mar 03, 2026 12:06 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 12:12 pm IST

आरोपी के खिलाफ पुलिस की टीम ने कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश भी कर रही है। महिला पार्षद के बेटे और सीएमओ के साथ हुई हाथापाई का वीडियो भी सामने आया है।

सीएमओ की पिटाई करता हुआ महिला पार्षद का बेटा- India TV Hindi
सीएमओ की पिटाई करता हुआ महिला पार्षद का बेटा Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद नगर पालिका में बैठक के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वार्ड नंबर 16 की पार्षद राजाबेटी का बेटा बल्लू सैमर जबरन अंदर घुस आया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने सीएमओ महेश चंद्र जाटव के साथ हाथापाई और गाली गलौच भी की। घटना के बाद सीएमओ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य मे बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सीएमओ के साथ हाथापाई के वीडियो भी सामने आया है।

CMO से इस बात को लेकर नाराज था बल्लू सैमर 

जानकारी के मुताबिक, गोहद नगरपालिका सीएमओ महेश चंद्र जाटव अपने कर्मचारी मुकेश चौरसिया, पपेन्द्र जाटव और अन्य कर्मचारियों एवं पार्षदों के साथ मीटिंग हॉल में काम कर रहे थे। इसी दौरान बल्लू सैमर अचानक बैठक में पहुंचा और वार्ड में रहने वाले अमर सिंह जाटव के खिलाफ की गई शिकायत पर कार्रवाई न होने को लेकर नाराजगी जताने लगा। 

आश्वासन दिए जाने के बावजूद भड़का आरोपी

बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान का काम बंद कराने और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी वह आक्रोशित था। सीएमओ द्वारा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद आरोपी भड़क गया। 

कॉलर पकड़कर दिया धक्का और मारने लगा

सीएमओ के अनुसार आरोपी ने सीएमओ की कॉलर पकड़कर उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे कुर्सी से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके बाएं हाथ की कलाई में चोट आई और खून निकल आया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। आरोप है कि जाते-जाते बल्लू सैमर ने सीएमओ से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद सीएमओ महेश चंद्र जाटव ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और धमकाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस पार्टी से है महिला पार्षद

बताया जा रहा है कि महिला पार्षद कांग्रेस पार्टी से हैं ऐसे में घटना को लेकर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक केशव देसाई से जब मीडिया ने सवाल किया तो वह आरोपी का बचाव करते नजर आए। उन्होंने कहा कि मारपीट नहीं हुई, केवल मुंहवाद हुआ है। हालांकि, मीडिया द्वारा वीडियो होने की बात कहने पर उन्होंने कहा कि टीआई जाने कौन अपराधी है।

प्रनिधेश की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।