1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: घर में घुस कर कई राउंड की फायरिंग, पति के सामने पत्नी और दो बच्चों का गुंडों ने दिनदहाड़े किया अपहरण-VIDEO

MP: घर में घुस कर कई राउंड की फायरिंग, पति के सामने पत्नी और दो बच्चों का गुंडों ने दिनदहाड़े किया अपहरण-VIDEO

 Published : Jun 22, 2025 01:11 pm IST,  Updated : Jun 22, 2025 01:16 pm IST

महिला और दो बच्चों को अपहरण करने का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा कि कुछ गुंडे घर में घुसकर फायरिंग करते हुए तीनों का अपहरण करने के बाद कार में बैठा कर ले गए।

घर में घुसकर अपहरण- India TV Hindi
घर में घुसकर अपहरण Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दिनदहाड़े फायरिंग कर किडनैपिंग की गई है। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुमेड़ी गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्जन से अधिक दबंगों ने जमकर फायरिंग की। लाठी-डंडों से एक परिवार के साथ मारपीट भी की। गुंडे एक महिला और दो बच्चों का अपहरण कर ले गए। मारपीट में अपहृत महिला का पति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दर्जनभर से ज्यादा गुंडों ने फायरिंग की

जानकारी के मुताबिक, लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुमेड़ी गांव में सोनू उर्फ संजय सिंह राजपूत और उसके करीब एक दर्जन से ज्यादा गुंडों ने जमकर फायरिंग की और लाठी-डंडों से हरिराम, उसकी मां चंपा पाल तथा परिवार के अन्य लोगों को पीटा। 

3 साल का बेटा और 5 साल की बेटी का भी किया अपहरण

वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपियों ने हरिराम की पत्नी मिथलेश और दो बच्चों 5 साल की बेटी भूमिका तथा 3 साल के बेटे सार्थक का अपहरण कर लिया। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

गांव में दहशत का माहौल

वीडियो में फायरिंग, मारपीट और अपहरण करना दिखाई दे रहा है। मारपीट में हरिराम पाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही लवकुशनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। संजय सिंह राजपूत और उस उसके गुंडों द्वारा गांव में मचाए गए आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है।

जानिए क्या बोली पुलिस?

लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग का है। उन्होंने कहा कि घायल हरिराम की पत्नी का संजय सिंह से प्रेम प्रसंग था। पहले यह लोग लवकुशनगर में रहते थे, जब पति को प्रेम प्रसंग की जानकारी लगी तो वह अपनी पत्नी को लेकर गांव में रहने लगा। जिस पर संजय सिंह उसके घर पर गया जहां संजय सिंह ने महिला के पति हरिराम पर हमला कर घायल कर दिया और उसकी पत्नी को अगवा कर ले गया।

घर के सामने बैठकर की गाली-गलौज

गुंडों के हमले में घायल 35 वर्षीय हरिराम पाल ने कहा कि गांव का ही संजय सिंह राजपूत अक्सर मेरे घर के सामने आकर बैठ जाता था। मेरी पत्नी को गलत निगाह से देखता था। कल ही मैं अपनी पत्नी को उसके मायके से लेकर आया था। संजय सिंह मेरे दरवाजे पर आकर बैठ गया और हरकत करने लगा जिसे हम लोगों ने मना किया। यहां से जाने जाने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज कर लड़ने लगा। धमकी देते हुए चला गया। 

गांव में आरोपी संजय सिंह का है आतंक

पीड़ित पति ने कहा कि आज वह अपने साथियों को लेकर आ गया। उस वक्त मैं और मेरी पत्नी अपने कमरे में थे। गाली-गलौज और गोलियों की आवाज सुनकर वह बाहर निकला तो संजय सिंह ने उस पर फायरिंग कर दी। वह चिल्लाते हुए अंदर आ गया। इस बीच, उसकी पत्नी भी कमरे से बाहर आ गई। संजय और उसके साथियों ने मुझ पर हमला बोल दिया और मेरे सामने ही मेरी पत्नी और बच्चों को अगवा कर ले गया। घायल हरिराम ने कहा कि गांव में संजय सिंह का आतंक है। उसके खिलाफ कोई बोलने को तैयार नहीं है। सबको जान का खतरा रहता है।

आरोपी के पिता था डकैत

सूत्रों के अनुसार, अपहरण और फायरिंग के आरोपी संजय सिंह राजपूत उर्फ सोनू का पिता पंचम सिंह उर्फ पंचू लोधी यूपी के महोबा जिले के ग्राम सूपा का रहने वाला था वह कुख्यात डकैत रहा था। उसने लवकुशनगर क्षेत्र में अनेक संगीन वारदातों को अंजाम दिया है। संदिग्ध हालत में उसकी लाश मिली थी।

पुलिस ने जब्त की एक कार और 3 मोटरसाइकिल

एमपी पुलिस ने 5 अलग-अलग टीमें गठित की हैं। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी और 3 बाइकें जब्त की हैं।

रिपोर्ट- प्रेम गुप्ता

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।