1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. CM मोहन यादव अचानक सीधी पहुंचे, लोगों ने की शिकायत तो तुरंत लिया एक्शन, कलेक्टर-एसपी समेत 3 अधिकारी नपे

CM मोहन यादव अचानक सीधी पहुंचे, लोगों ने की शिकायत तो तुरंत लिया एक्शन, कलेक्टर-एसपी समेत 3 अधिकारी नपे

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 22, 2026 07:52 pm IST,  Updated : Mar 22, 2026 07:54 pm IST

सीएम मोहन यादव ने महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पी एस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीधी कलेक्टर और गुना एसपी को भी उनके पद से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

CM Mohan Yadav- India TV Hindi
सीधी जिले के आकस्मिक भ्रमण के दौरान सीएम मोहन यादव Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लापरवाह और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने जनता की शिकायत पर सीधी कलेक्टर और सहकारी बैंक महाप्रबंधक पी एस धनवाल के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, गुना एसपी को भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में हटाया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार 22 मार्च को अचानक सीधी जिले का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। दौरे के दौरान उन्होंने आम जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए साफ संकेत दिए कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके दौरे से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। 

सीएम यादव ने सीधी जिले के सहकारी बैंक के महाप्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीधी कलेक्टर को भी पद से हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के हेरफेर के मामले में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को यथोचित नहीं मानते हुए एसपी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक व्यवस्था में जरूरी बदलाव के संकेत

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिला मुख्यालय पहुंचकर विभिन्न विभागों की समीक्षा की और कहा कि दौरे के दौरान उन्हें कई प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही उनकी नियुक्ति के साथ ही तय हो जाती है और यदि मैदानी स्तर पर शिकायतें मिलती हैं तो ऐसे अधिकारियों को मैदान में रखने के बजाय वल्लभ भवन बैठाना ज्यादा उचित है। उन्होंने कहा कि आज के दौरे का परिणाम देर रात तक सामने आ जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

अधिकारियों पर गिरी गाज

सीधी जिले के आकस्मिक भ्रमण के दौरान आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों तथा जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की गतिविधियों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री यादव ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए, वहीं सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को भी पद से हटाने के निर्देश दिए हैं।

संतोषजनक नहीं मिली अधिकारी की भूमिका

इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के हेरफेर के मामले में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को संतोषजनक नहीं मानते हुए गुना एसपी अंकित सोनी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें-

'आंख मूंद कर जारी कर रहे आदेश', हाईकोर्ट ने कलेक्टर पर लगा दिया ₹50000 का जुर्माना

दिन में रेकी और रात में पति करता चोरी, पत्नी भी देती थी साथ, दोनों गिरफ्तार, कैश-गोल्ड समेत 18 लाख का माल जब्त

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।