1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल के 90 डिग्री ओवरब्रिज मामले में CM मोहन यादव ने लिया एक्शन, 8 इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई

भोपाल के 90 डिग्री ओवरब्रिज मामले में CM मोहन यादव ने लिया एक्शन, 8 इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 28, 2025 11:23 pm IST,  Updated : Jun 28, 2025 11:31 pm IST

सीएम डॉ मोहन यादव ने भोपाल के 90 डिग्री ओवरब्रिज मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर 8 इंजीनियरों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। इसमें से सात को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक रिटायर्ड एसई के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी।

8 इंजीनियरों के खिलाफ हुई कार्रवाई। - India TV Hindi
8 इंजीनियरों के खिलाफ हुई कार्रवाई। Image Source : FILE

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऐशबाग स्टेडियम के पास बना एक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) उद्घाटन से पहले ही चर्चा का विषय बन गया था। इस ओवरब्रिज में 90 डिग्री का एक अजीबोगरीब मोड़ बना दिया गया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई थी। वहीं अब इस मामले में मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल के ऐशबाग आरओबी मामले में गंभीर डिजाइन दोष पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत एक जांच कमेटी गठित की और निर्माण के लिए जिम्मेदार 8 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया।

जांच रिपोर्ट आने के बाद की कार्रवाई

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐशबाग आरओबी निर्माण में हुई गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे। वहीं जांच रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग के 8 इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा एक रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर के खिलाफ विभागीय जांच जाएगी। वहीं त्रुटिपूर्ण डिजाइन देने पर निर्माण एजेंसी व डिजाइन कंसल्टेंट को ब्लैक लिस्ट किया गया है। इसके साथ ही आरओबी में आवश्यक सुधार हेतु कमेटी गठित की गई है। सीएम मोहन यादव ने कहा है कि कार्य पूर्ण होने के बाद ही आरओबी का लोकार्पण किया जाएगा।

सीएम मोहन यादव ने एक्स पर दी जानकारी

सीएम डॉ मोहन यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "ऐशबाग आरओबी के निर्माण में हुई गंभीर लापरवाही में मैंने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिये थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर लो.नि.वि. के 8 इंजीनियर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दो सीई सहित सात इंजीनियर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एक सेवानिवृत एसई के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। इस प्रोजेक्ट में आरओबी का त्रुटिपूर्ण डिजाईन प्रस्तुत करने पर निर्माण एजेंसी एवं डिजाईन कंसल्टेंट, दोनों को ब्लैक लिस्ट किया गया है। आरओबी में आवश्यक सुधार के लिए कमेटी बनाई गयी है। सुधार के बाद ही आरओबी का लोकार्पण किया जाएगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।