1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. राजा रघुवंशी केस: CM मोहन यादव ने अमित शाह से CBI जांच का किया अनुरोध, मेघालय के सीएम से भी की बात

राजा रघुवंशी केस: CM मोहन यादव ने अमित शाह से CBI जांच का किया अनुरोध, मेघालय के सीएम से भी की बात

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 07, 2025 06:48 pm IST,  Updated : Jun 07, 2025 07:16 pm IST

इंदौर के राजा रघुवंशी मामले में सीएम मोहन यादव ने गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच के लिए अनुरोध किया है। इसके अलावा उन्होंने मेघालय के सीएम से भी बात की है।

सीएम मोहन यादव।- India TV Hindi
सीएम मोहन यादव। Image Source : PTI/FILE

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के रहने वाले राजा रघुवंशी की मौत और उनकी पत्नी के लापता होने के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। एमपी के सीएम मोहन यादव ने गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच के लिए अनुरोध किया है। इसके अलावा उन्होंने मेघालय के सीएम से भी बात की है। बता दें कि इंदौर से दंपति घूमने के लिए मेघालय गए हुए थे। इस बीच दोनों के लापता होने का मामला सामने आया। इस मामले में काफी खोजबीन करने के बाद आखिरकार लापता युवक राजा रघुवंशी का शव खाई से बरामद किया गया। वहीं उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी का अभी तक पता नहीं चल सका है। 

मोहन यादव ने एक्स पर किया पोस्ट

सीएम मोहन यादव सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "संकट की इस घड़ी में मध्य प्रदेश सोनम रघुवंशी के परिवार के साथ खड़ा है। मैंने इस संबंध में मेघालय के मुख्यमंत्री से चर्चा की है। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेघालय के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। इस प्रकरण में सीबीआई जांच आदेशित करने हेतु मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से आग्रह किया है। सोनम रघुवंशी की सुरक्षित वापसी हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।"

शिवराज चौहान से मिला प्रतिनिधिमंडल

बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लापता सोनम के भाई से बातचीत की। इसके बाद वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ चर्चा भी कर सकते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने शिलांग में मौजूद सोनम के भाई गोविंद से फोन पर बात की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं रघुवंशी समाज का प्रतिनिधिमंडल भी शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान यह मुद्दा उठाया गया। मुलाकात के दौरान इस केस को सीबीआई को सौंपने को लेकर भी बात हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।