1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से दिग्विजय सिंह का इनकार, कारण भी बताया

आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से दिग्विजय सिंह का इनकार, कारण भी बताया

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jan 29, 2024 10:44 am IST,  Updated : Jan 29, 2024 10:54 am IST

देश में कुछ ही महीनों में लोकसभा चुनाव की शुरुआत हो जाएगी। इस बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने इसके पीछे एक बड़ा कारण बताया है।

लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे दिग्विजय सिंह।- India TV Hindi
लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे दिग्विजय सिंह। Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव 2024 में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है। ऐसे में कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने जीत की आस में अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस को बिहार, बंगाल और पंजाब से बुरी खबरें मिल रही हैं। इस बीच पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने संवादाताओं से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी कि वह 2024 में लोकसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतरेंगे। 

क्या है चुनाव न लड़ने का कारण?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर शहर में थे। यहां दिग्विजय ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए कहा कि चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं और अभी भी राज्यसभा के कार्यकाल में दो साल से अधिक का समय बाकी है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ से उम्मीदवार का फैसला कांग्रेस करेगी। 

2019 में हार गए थे लोकसभा चुनाव

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भोपाल लोकसभा सीट से किस्मत आजमाई थी। लेकिन भाजपा नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय को 3.65 लाख मतों के अंतर से हरा दिया था। ये हार दिग्विजय के लिए बड़े झटके की तरह मानी गई थी। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने साल 1984 और 1991 में राजगढ़ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था। 

मध्य प्रदेश में भाजपा को बढ़त

देश में कुछ ही महीनों में लोकसभा चुनाव की शुरुआत हो जाएगी। भाजपा ने साल 2019 में हुए चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। साल 2014 में भी भाजपा ने राज्य की 27 सीटें जीती थीं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। इसलिए पार्टी को उम्मीद है कि इस बार भी लोकसभा चुनाव में वह पहले की तरह ही प्रदर्शन को दोहराएगी। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में बड़ा फेरबदल, 18 IAS अधिकारियों को मिली नई तैनाती; देखें लिस्ट

ये भी पढ़ें- शिवराज सिंह चौहान लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले बोले- टिकट पक्का

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।