मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक तिराहे पर बना गड्ढा लोगों की परेशानी बना हुआ है। यह गड्ढा शहीद स्मारक बनाने के लिए खोदा गया है, लेकिन यहां से रोजाना गुजरने वाले लोगों को इसी गड्ढे में अपनी कब्र दिख रही है। यहां छ्पारा नगर परिषद के शहीद वार्ड में चमारी तिराहा के पास शहीद स्मारक बनाने के लिए एक गड्ढा खोदा गया है। यह गड्ढा नगर परिषद के निविदा ठेकेदार ने खोदा है, जिसमें कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन इस मामले में सो रहा है।
इस तिराहे पर हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शहीद इस्मारक बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक गिर जाती है। तिराहे पर मोड़ है, जहां पर बाइक सवार ने अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते हादसा हुआ।
इस हादसे में बाइक चला रहे छ्पारा थाना क्षेत्र के खुर्सीपार निवासी रामलाल पिता हरिलाल, 32 साल और उनके साथ पीछे बाइक में सवार महिला अर्चना बारमैया उम्र 35 साल घायल हो गई। दोनों को डायल 100 की मदद से मौके से छपारा अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। नाले के पास से ही शहीद स्मारक निर्माण होना है, जिसको लेकर नाले का गहरीकरण और वहां पर पक्का कांक्रीट बनाया जा रहा है, जिसको लेकर खुदाई की गई है।
तिराहे पर गड्ढा तो कर दिया गया है, लेकिन इसे लेकर चेतावनी का कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इसी वजह से ज्यादा हादसे हो रहे हैं। यह काफी व्यस्त इलाका है, इसके बावजूद नगर परिषद की तरफ से इसे लेकर कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन चैन की नींद सो रहा है।
(सिवनी से सोनू गुप्ता की रिपोर्ट)
संपादक की पसंद