भोपाल: मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1004 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,66,298 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस महामारी की वजह से 20 और मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। मध्य प्रदेश में हुई इन नई मौतों को मिलाकर कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या अब 2,875 हो गई है। बता दें कि अभी तक इस वायरस ने सबसे ज्यादा जानें इंदौर शहर में ली हैं, जबकि राजधानी भोपाल इस मामले में दूसरे नंबर पर है।
Related Stories
अब तक इंदौर में हुईं 674 मौतें
मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को कोरोना वायरस से जुड़े आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में 6, भोपाल में 3, ग्वालियर में 2 तथा जबलपुर, धार, रतलाम, विदिशा, दमोह, खंडवा, रायसेन, हरदा, एवं शाजापुर में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा 674 मरीजों की मौत इंदौर में हुई है, जबकि भोपाल में 466, उज्जैन में 97, सागर में 120, जबलपुर में 198 एवं ग्वालियर में 158 लोगों की जान गई है। संक्रमण से होने वाली बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’
अस्पतालों में भर्ती हैं 11,477 मरीज
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को कोविड-19 के सबसे ज्यादा 271 नए मामले इंदौर जिले में आए हैं, जबकि भोपाल में 191, जबलपुर में 61 एवं ग्वालियर में 53 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कुल 1,66,298 संक्रमितों में से अब तक 1,51,946 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 11,477 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को 1,268 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।