1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 168 नए मामले, 3 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 168 नए मामले, 3 लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 02, 2021 09:44 pm IST,  Updated : Feb 02, 2021 09:44 pm IST

मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 168 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,55,431 तक पहुंच गई है।

Madhya Pradesh Coronavirus Death, Madhya Pradesh Coronavirus, Indore Coronavirus- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 168 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : INDIA TV

भोपाल: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 168 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,55,431 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी भोपाल में संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जबकि इंदौर में भी 30 से ज्यादा नए संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह रही कि एक बार फिर बीमारी को मात देने वाले नए लोगों की संख्या नए संक्रमितों की संख्या से काफी ज्यादा रही।

‘मध्य प्रदेश में अब तक 3,815 की मौत’

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 3 और लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस घातक बीमारी की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,815 हो गई है। अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से खरगोन, रतलाम एवं दमोह में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 924 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 612, उज्जैन में 104, सागर में 150, जबलपुर में 251 एवं ग्वालियर में 226 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’

‘मंगलवार को ठीक हुए कुल 296 मरीज’
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 39 नए मामले राजधानी भोपाल में सामने आए हैं, जबकि कोरोना का हॉटस्पॉट रह चुके इंदौर में भी 31 नए संक्रमित मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पाए गए कुल 2,55,431 संक्रमितों में से अब तक 2,49,193 ने इस बीमारी को मात दे दी है और स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभी 2,423 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कुल 296 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।