भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 332 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,61,013 तक पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले इंदौर से सामने आए हैं, जबकि राजधानी भोपाल में भी 50 से ज्यादा नए संक्रमित मिले हैं। पिछले कुछ दिनों का ट्रेंड शुक्रवार को भी जारी रहा और एक बार फिर संक्रमित होने वाले नए लोगों की संख्या इस बीमारी को मात देने वाले लोगों से ज्यादा रही।
Related Stories
‘वायरस के संक्रमण से 3 की मौत’
मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 3 व्यक्तियों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,862 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के 52 जिलों में से 12 जिलों में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 96 नए मामले इंदौर में आए, जबकि राजधानी भोपाल में भी 58 नए संक्रमित मिले।
‘राज्य में इस समय 2518 ऐक्टिव केस’
अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले कुल 2,61,013 लोगों में से अब तक 2,54,644 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल राज्य में 2,518 ऐक्टिव केस है और इन मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को 246 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।