1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. प्रेमी के घर मिला लापता युवती का निर्वस्त्र शव, पिता ने लगाए गंभीर आरोप; बॉयफ्रेंड फरार

प्रेमी के घर मिला लापता युवती का निर्वस्त्र शव, पिता ने लगाए गंभीर आरोप; बॉयफ्रेंड फरार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 13, 2026 11:19 pm IST,  Updated : Feb 13, 2026 11:19 pm IST

इंदौर में एक लापता युवती का शव उसी के प्रेमी के मकान से मिला है। मृतक युवती के पिता ने आरोप लगाया कि युवक उसे प्रताड़ित करता था और उसी ने युवती की हत्या की है।

प्रेमी के कमरे में मिला युवती का शव। - India TV Hindi
प्रेमी के कमरे में मिला युवती का शव। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

इंदौर: जिले में पिछले दो दिन से लापता एमबीए की 24 वर्षीय छात्रा का शव उसके प्रेमी के घर पर निर्वस्त्र हालत में मिला है। पुलिस ने संदेह जताया है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई। युवती के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसकी बेटी से धन ऐंठने को कोशिश की। आखिरकार उसे यातनाएं देकर जान से मार दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि द्वारकापुरी में लोगों ने एक बंद घर से बदबू आने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध हालात में 24 वर्षीय युवती का निर्वस्त्र शव बरामद किया। उन्होंने कहा कि युवती शहर के एक निजी महाविद्यालय में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। युवती का शव उसके सहपाठी व कथित प्रेमी के किराये के घर में मिला। 

दो दिन पहले हुई हत्या

डीसीपी लालचंदानी ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवती की मौत दो दिन पहले हो चुकी है और गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि हालांकि पोस्टमार्टम के बाद इसकी पुष्टि हो सकेगी। डीसीपी ने बताया कि युवती पिछले दो दिन से लापता थी और उसके परिजन ने पंढरीनाथ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लालचंदानी ने बताया कि युवती का कथित प्रेमी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा, ''हमें संदेह है कि प्रेम संबंधों में किसी खटास के चलते युवती की हत्या की गई।'' 

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

इस बीच, युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी जन्मदिन समारोह में शामिल होने की बात कहकर 11 फरवरी को घर से रवाना हुई थी। उन्होंने कहा, ''मैंने बेटी के मोजों से उसके शव की पहचान की।" पिता ने आरोप लगाया कि मूल रूप से मंदसौर के रहने वाले सहपाठी युवक ने यातनाएं देकर उनकी बेटी की हत्या की। उन्होंने कहा कि युवक आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर उनकी बेटी को धमकाकर उससे धन ऐंठने की कोशिश कर रहा था और उसने ये तस्वीरें उसकी बेटी के महाविद्यालय के वॉट्सऐप ग्रुप में डाल दी थीं।

यह भी पढ़ें-

शादी समारोह में झगड़े के बाद इलेक्ट्रीशियन की गोली मारकर हत्या, दूल्हे समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।