1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Digvijaya Singh: जिला पंचायत ऑफिस के बाहर दिग्विजय सिंह ने पकड़ा पुलिस अफसर का कॉलर, PHOTO वायरल

Digvijaya Singh: जिला पंचायत ऑफिस के बाहर दिग्विजय सिंह ने पकड़ा पुलिस अफसर का कॉलर, PHOTO वायरल

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 29, 2022 09:19 pm IST,  Updated : Jul 30, 2022 06:39 am IST

Digvijaya Singh: भोपाल में सुबह से ही जिला पंचायत कार्यालय के बाहर हंगामा चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ सदस्यों को अपनी गाड़ी में लेकर पहुंचे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने उन्हें रोक लिया।

digvijay Singh- India TV Hindi
MP Police and Congress leader digvijay Singh Image Source : IANS

Highlights

  • दिग्विजय सिंह ने कॉलर पकड़कर पुलिस अफसर को धक्का दिया
  • भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस घटना को शर्मनाक बताया
  • ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व CM को शोभा नहीं देता- शिवराज सिंह

Digvijay Singh: मध्य प्रदेश में हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में भोपाल से ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। इस तस्वीर में दिग्विजय सिंह ने एक पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ रखा है। भोपाल में सुबह से ही जिला पंचायत कार्यालय के बाहर हंगामा चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ सदस्यों को अपनी गाड़ी में लेकर पहुंचे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने उन्हें रोक लिया। हालांकि, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा कांग्रेस नेताओं को चकमा देकर अंदर घुस गए इसे लेकर कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। रामेश्वर शर्मा को बाहर निकालने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों से दिग्विजय सिंह की धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान सिंह ने पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ लिया।

दिग्विजय का पुलिस अफसर की कॉलर पकड़ना शर्मनाक- विष्णुदत्त

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भोपाल जिला पंचायत निर्वाचन के दौरान पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार किए जाने की घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता, जिस तरह उन्होंने एक पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ा और निर्वाचन स्थल पर धक्कामुक्की की, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मूल चरित्र अपराधीकरण का रहा है। दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री रहे तब उन्होंने अपराधियों को बढ़ावा दिया। 15 महीने कमलनाथ सरकार रही, तब भी प्रदेश में गुंडिज्म हावी था। उन्होंने कहा कि आज कमलनाथ चुनाव से गायब है और पूरा दबाव दिग्विजय सिंह पर रहा, इस कारण भी दिग्विजय सिंह हार की खीज के कारण गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह से पूछा कि चुनाव में हार जीत चलती है, लेकिन कानून हाथ में लेने का अधिकार आपको किसने दिया ?

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने जिला पंचायत चुनावों में 41 जिलों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि 51 जिला पंचायतों में से भाजपा ने 41 स्थानों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत का इतिहास बनाया है। इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उन गरीब कल्याण की नीतियों और योजनाओं को जाता है जिन्हें हमारे कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि गांव गांव तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत हमारे नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास की जीत है। 65 हजार बूथों पर हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की, जिसके कारण जिला पंचायत चुनाव में 81 प्रतिशत से उपर भाजपा जीतकर आयी है।

'ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व CM को शोभा नहीं देता'
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी दिग्विजय सिंह पर बड़ा हमला बोला है। राजधानी भोपाल के जिला पंचायत कार्यालय के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पुलिसवालों के बीच हुई धक्का-मुक्की को शिवराज ने कांग्रेस की बौखलाहट बताया है। सीएम शिवराज ने कहा, ''ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता है। पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ रहे हैं, कलेक्ट्रेट के गेट को धक्का देकर तोड़ने की कोशिश कर रहे है। लोकतंत्र में जय और पराजय चलती रहती है, लेकिन ऐसी बौखलाहट कि आप पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ें, यह अधिकार आपको किसने दिया?''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।