1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश के कई इलाकों में दर्ज किए गए भूकंप के झटके, इस जिले में था केंद्र

मध्य प्रदेश के कई इलाकों में दर्ज किए गए भूकंप के झटके, इस जिले में था केंद्र

 Published : Mar 27, 2025 04:32 pm IST,  Updated : Mar 27, 2025 05:18 pm IST

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, गुरुवार को सिंगरौली, मध्य प्रदेश में 3.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया।

सिंगरौली में महसूस किए गए भूकंप- India TV Hindi
सिंगरौली में महसूस किए गए भूकंप Image Source : ANI

भोपालः मध्य प्रदेश में गुरुवार को कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, गुरुवार को सिंगरौली और उसके आस-पास के जिलोंं में भूकंप के झटके लगे। भूकंप का केंद्र सिंगरौली था और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। 

दोपहर को आया भूकंप

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि दोपहर 3 बजकर 7 मिनट पर सिंगरौली और आस-पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र सिंगरौली में जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप हल्का होने की वजह से कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए।  

अक्तूबर में नर्मदापुरम जिले में आया था भूकंप

इससे पहले पिछले साल अक्तूबर में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में 2.8 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र के अधिकारी वीएस यादव के अनुसार, भूकंप के झटके दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर महसूस किये गये। इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान नहीं हुई थी।

भूकंप क्यों आते हैं?

धरती 12 टैक्टोनिक प्लेटों पर टिकी हुई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक ये प्लेटें हर साल लगभग 4 से 5 मिलीमीटर तक अपनी स्थिति बदलती हैं। भूकंप उस समय आता है जब पृथ्वी की चट्टानें अचानक टूटती या खिसकती हैं। इससे उर्जा पैदा होती और भूकंपीय तरेंगे पैदा होती है। इसकी वजह से धरती हिलने लगती है। टैक्टोनिक प्लेटों की हलचल की वजह से भूकंप के झटके महसूस होते हैं। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।