1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नौकरी नहीं मिलने से परेशान इंजीनियर ने की खुदकुशी, बेटे की मौत के सदमे से मां ने भी तोड़ा दम, मचा कोहराम

नौकरी नहीं मिलने से परेशान इंजीनियर ने की खुदकुशी, बेटे की मौत के सदमे से मां ने भी तोड़ा दम, मचा कोहराम

 Published : Jan 19, 2025 08:03 pm IST,  Updated : Jan 19, 2025 08:09 pm IST

मनीष के बड़े भाई अनिल ने बताया कि उनके पास शनिवार रात करीब 11:00 बजे कॉल आया था कि उसके छोटे भाई ने कुछ खा लिया है और दरवाजा नहीं खोल रहा है।

Gwalior News- India TV Hindi
इंजीनियर ने की खुदकुशी,सदमे से मां ने भी तोड़ा दम Image Source : INDIA TV

ग्वालियर:  इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद नौकरी की तलाश कर रहे एक युवक ने ग्वालियर में देर रात अपने घर में सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। बताया गया है कि जब बेटे की मौत की सूचना उसकी मां को मिली तो सदमे में आई मां ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराया है महिला की सामान्य मौत होना बताया है। 

डिप्रेशन में रहने लगा था मनीष

यह घटना ग्वालियर थाना अंतर्गत गोसपुरा नंबर 1 स्थित महावीर चौक की है। बताया गया है कि यहां रहने वाला मनीष राजपूत इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद जॉब की तलाश में था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसके बावजूद उसे सफलता नहीं मिल रही थी। इसी के चलते वह डिप्रेशन में रहने लगा था। 

कमरे में गंभीर हालत में मिला मनीष

मनीष के बड़े भाई अनिल राजपूत ने बताया कि उनके पास शनिवार रात तकरीबन 11 बजे कॉल आया था कि उसके छोटे भाई ने कुछ खा लिया है और दरवाजा नहीं खोल रहा है। इसके बाद अनिल जब देर रात घर पहुंचा तो घर पर ताला लटका हुआ था। इसके बाद अनिल पड़ोसी की छत के सहारे अपने घर में दाखिल हुआ। घर के एक कमरे में मनीष उसे गंभीर हालत में मिला। आनन फानन में घर का ताला तोड़ा गया और मनीष को घर के समीप स्थित सिविल डिस्पेंसरी में ले जाया गया। 

मनीष की मौत की खबर मिलते ही मां हुई अचेत

मनीष की हालत गंभीर होने के चलते उसे 1000 बिस्तर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान रात तकरीबन 3:00 बजे डॉक्टर्स ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटे की मौत की सूचना जब घर पर मौजूद उसकी मां राधा को मिली तो राधा अचेत हो गई। तत्काल डॉक्टर को बुलाकर चेकअप कराया गया। लेकिन इस बीच राधा ने दम तोड़ दिया। 

बेटे और मां की मौत से मचा कोहराम

डॉक्टर ने परिजनों को बताया कि राधा की मौत सदमा लगने के चलते कार्डियक अरेस्ट से हुई है। इससे पहले अस्पताल प्रबंधन ने मनीष की मौत की जानकारी पुलिस को दी। जिसके चलते पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मनीष के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमॉर्टम कराया है और विवेचना शुरू कर दी है। जबकि मनीष की मां राधा की मौत सामान्य बताई जा रही है। फिलहाल अचानक हुए इस पूरे घटनाक्रम से घर में कोहराम मच गया है और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

(रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया, ग्वालियर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।