1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी: सुसाइड का लाइव वीडियो बनाकर खाया जहर

ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी: सुसाइड का लाइव वीडियो बनाकर खाया जहर

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 04, 2026 03:16 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 03:16 pm IST

मध्य प्रदेश के गुना जिले में ससुराल पक्ष से तंग आकर युवक ने सुसाइड कर लिया। युवक ने इसका लाइव वीडियो भी बनाया है।

Guna News- India TV Hindi
गुना न्यूज Image Source : IMAGE SOURCE-REPORTER'S INPUT

गुना। गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामनगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय युवक ने पारिवारिक कलह और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर मौत को गले लगा लिया। युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपनी पत्नी को एक विचलित करने वाला मैसेज और खुदकुशी का लाइव वीडियो भेजा, जिसमें वह जहर खाता हुआ नजर आ रहा है। घटना के बाद बदहवास परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

शादी के 8 साल बाद उपजा विवाद 

पुलिस और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रामनगर निवासी वल्लभ मीणा (28) पुत्र रामस्वरूप मीणा पेशे से किसान था। वर्ष 2018 में उसका विवाह साक्षी मीणा के साथ हुआ था और दोनों का एक बच्चा भी है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी, जिसमें ससुराल पक्ष का दखल लगातार बढ़ रहा था। इसी विवाद के चलते करीब दस दिन पहले साक्षी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। वल्लभ ने उसे कई बार वापस आने और कम से कम बच्चा सौंपने की गुहार लगाई, लेकिन ससुराल वालों के दबाव के कारण उसने मना कर दिया।

सुसाइड का लाइव वीडियो बनाकर खाया जहर

बच्चे से दूरी और ससुराल वालों के अड़ियल रवैये से वल्लभ गहरे तनाव में आ गया था। शुक्रवार शाम उसने अपने ही घर में एक खौफनाक कदम उठाया। जहर खाने से ठीक पहले वल्लभ ने मोबाइल कैमरे के सामने अपनी मौत का लाइव वीडियो रिकॉर्ड किया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो में वह साफ तौर पर जहर की पुड़िया खोलकर उसे निगलते हुए दिखाई दे रहा है। जहर खाने से पहले उसने वीडियो में अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि मेरी पत्नी को मेरे खिलाफ भड़काने में मेरे साले की पत्नी रश्मिबाई, सास गुड्डी बाई और साले बलवंत का पूरा हाथ है। आज मैं जो भी कदम उठाने जा रहा हूं, उसके जिम्मेदार यही लोग हैं।

झूठे केस का लगाया आरोप

वीडियो के साथ ही वल्लभ ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर एक भावुक और आक्रोशित करने वाला टेक्स्ट मैसेज भी छोड़ा। मैसेज में उसने लिखा कि ससुराल वालों ने उसकी पत्नी को इस कदर भड़का दिया है कि वे न तो उसकी बात पत्नी से होने दे रहे हैं और न ही बच्चे से। वल्लभ ने आरोप लगाया कि साले की पत्नी रश्मि बाई और सास गुड्डी बाई ने उसकी पत्नी को बरगलाकर उसके परिवार के खिलाफ पुलिस में झूठा केस भी दर्ज करवा दिया है, जिससे तंग आकर वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया मामला

घटना की पुष्टि करते हुए फतेहगढ़ थाना प्रभारी एसआई अभिषेक तिवारी ने बताया कि युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्राथमिक दृष्ट्या मामला गंभीर पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मृतक के पास से मिले वीडियो व सुसाइड नोट (मैसेज) को जांच के दायरे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बयानों और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-रितेश सिंह राजपूत (गुना)

ये भी पढ़ें-कुएं में जहरीली गैस से बड़ा हादसा, बैल को बचाने की कोशिश पड़ी भारी, 3 ग्रामीणों की हुई मौत 

जंगली सुअर के लिए लगाए करंट ने ली बाघ की जान, दो महीने बाद हुआ खुलासा, जंगल में दफन मिला कंकाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।