आगर मालवा जिला आपूर्ति कार्यालय में लोकायुक्त उज्जैन की बड़ी कार्रवाई हुई है। सेवानिवृत्त अधिकारी के लंबित भुगतान जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में कार्यालय के प्रभारी लेखापाल को लोकायुक्त टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई अभी जारी है।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
लोकायुक्त उज्जैन को रतलाम जिले के जावरा निवासी विजय कुमार बोरसिया ने शिकायत की थी कि उनके पिता गोवर्धन लाल, जो जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय आगर से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी ग्रेच्युटी, बीमा, अवकाश नकदीकरण सहित करीब 27 लाख रुपये की राशि निकालने के लिए कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष कुमार पंड्या डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की जांच लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय, आगर में पदस्थ प्रभारी लेखापाल मनीष कुमार पंड्या को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक दीपक सेजवार सहित 10 सदस्यीय टीम शामिल रही। फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है।
क्या बोले लोकायुक्त अधिकारी?
लोकायुक्त पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय, आगर में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 एवं प्रभारी लेखपाल मनीष कुमार पंड्या के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि रतलाम जिले के जावरा निवासी विजय कुमार बोरसिया ने आठ जुलाई को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक, उज्जैन से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पिता गोवर्धन लाल जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, आगर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी ग्रेच्युटी, बीमा और अवकाश नकदीकरण सहित लगभग 27 लाख रुपये की बकाया राशि जारी करने के लिए पंड्या डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। अधिकारी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोप सही पाए गए। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाकर शुक्रवार को पंड्या को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट- राम यादव (आगर मालवा)
ये भी पढ़ें-OTT सीरीज रक्तांचल 3 का ट्रेलर रिलीज, दमदार एक्शन और बाहुबलियों की बंदूकों से भरी है कहानी