1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंगेतर को वीडियो कॉल कर युवती ने लगा ली फांसी, सुसाइड को लेकर सामने आई ये जानकारी

मंगेतर को वीडियो कॉल कर युवती ने लगा ली फांसी, सुसाइड को लेकर सामने आई ये जानकारी

 Published : Dec 17, 2024 10:33 am IST,  Updated : Dec 17, 2024 10:41 am IST

ग्वालियर में 22 साल की एक लड़की ने मंगेतर को वीडियो कॉल करने के बाद सुसाइड कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुसाइड करने वाली लड़की के साथ मंगेतर। फाइल फोटो- India TV Hindi
सुसाइड करने वाली लड़की के साथ मंगेतर। फाइल फोटो Image Source : INDIA TV

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवती ने फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने मंगेतर को वीडियो कॉल किया और फिर गले में फंदा डाल लिया। इस घटना से घबराए मंगेतर ने तत्काल मामले की जानकारी युवती के चचेरे भाई को दी। चचेरा भाई भी दौड़कर घर पहुंचा लेकिन तब तक युवती फांसी के फंदे पर लटक चुकी थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। 

4 अक्टूबर को हुई थी सगाई

युवती के परिजनों ने आशंका जताई है कि मंगेतर उसे परेशान कर रहा था। इसके चलते उसने यह आत्मघाती उठाया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ललितपुर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ग्वालियर के बहोड़ा पुर के विनय नगर इलाके में अपने चाचा राधे कुशवाहा,चचेरे भाइयों और अन्य परिजनों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। 4 अक्टूबर को उसकी सगाई गुढ़ी का नाका इलाके में रहने वाली अर्जुन कुशवाहा से हुई थी। इसके बाद दोनों की फोन पर बातचीत भी होने लगी।

दोनों के बीच विवाद की बात आ रही सामने

बताया जा रहा है कि बीते रोज युवती घर में अकेली थी तभी व्हाट्सएप पर अर्जुन का उसके पास कॉल आया और किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। युवती ने अर्जुन को आत्महत्या करने की धमकी दी। अर्जुन ने भी तत्काल उसके चचेरे भाई कर्तव्य कुशवाहा को बताया कि उसकी बहन आत्महत्या करने जा रही है। जानकारी मिलते ही भाई तत्काल घर के लिए दौड़ा लेकिन तब तक वह घर में फांसी लगा चुकी थी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। परिजनों का आरोप है कि मंगेतर उसे परेशान कर रहा था। इसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। मंगेतर को अभी तक हिरासत में नहीं लिया गया है।

रिपोर्ट-भूपेन्द्र भदौरिया, ग्वालियर 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।