1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: स्कूल बैग खोया तो थाने पहुंची बच्ची, बोली- 'उसमें मेरा होमवर्क है', पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढ़ निकाला

Video: स्कूल बैग खोया तो थाने पहुंची बच्ची, बोली- 'उसमें मेरा होमवर्क है', पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढ़ निकाला

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 26, 2025 09:28 am IST,  Updated : Dec 26, 2025 09:28 am IST

बच्ची ने कहा कि उसका बैग खो गया है और उसमें होमवर्क रखा हुआ है। घरवालों ने नई कॉपी किताब दिलाने की बात कही, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उसका बैग ढूंढ़कर लौटा दिया।

Sujalpur School girl- India TV Hindi
पुलिस ने बच्ची का स्कूल बैग लौटाया Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के शुजालपुर में तीसरी कक्षा की एक बच्ची की पढ़ाई के प्रति लगन और मासूम जिद ने पुलिस को भी भावुक कर दिया। दरअसल बच्ची का बैग गुम गया था इस गुम हुए स्कूल बैग को ढूंढ़ने के लिए पुलिस ने खास टीम बनाई और पूरी मुस्तैदी से तलाश कर 24 घंटे के अंदर बच्ची का बैग वापस दिलाया। मामला शुजालपुर मंडी क्षेत्र का है। यहां सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की छात्रा चेरी नायक गुरुवार को अपनी मां पूजा, दादी कृष्णा और बुआ रंजना के साथ स्कूल गई थी।

स्कूल से लौटते समय बच्ची का बैग ऑटो में ही छूट गया। घर पहुंचने पर जब बैग नहीं मिला तो चेरी फूट-फूटकर रो पड़ी। उसे बैग की कीमत की चिंता नहीं थी, बल्कि इस बात की थी कि उसकी किताबें और वर्कबुक उसी में थीं और बिना बैग के उसकी पढ़ाई कैसे होगी।

पिता के साथ थाने पहुंची पुलिस

परिवार ने उसे नया बैग और किताबें दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन चेरी नहीं मानी। उसने बैग ढूंढ़ने के लिए पुलिस से मदद लेने की बात कही। इसके बाद पिता संदीप नायक और दादा अशोक नायक बच्ची को लेकर शुजालपुर मंडी थाने पहुंचे। यहां चेरी ने खुद अपनी परेशानी एसडीओपी निमिष देशमुख को बताई। बच्ची की आंखों में आंसू देखकर पुलिस ने तुरंत मदद का फैसला किया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला बैग

एसडीओपी देशमुख के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस की सहायता ली गई। ट्रैफिक एएसआई धर्मेंद्र परस्ते और हेड कॉन्स्टेबल सुनील गुर्जर को शहरभर के सीसीटीवी कैमरे खंगालने की जिम्मेदारी सौंपी गई। फुटेज में चेरी एक ऑटो में बैठती दिखाई दी, लेकिन ऑटो पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे तलाश चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद पुलिस ने ऑटो के आगे लिखे नाम और ऊपर लगे लोहे के स्टैंड की पहचान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान ऑटो चालक की पहचान परवेज के रूप में हुई। पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने बताया कि ऑटो में एक स्कूल बैग मिला था, लेकिन यात्री की पहचान नहीं होने पर वह बैग को घर पर सुरक्षित रखे हुए था।

ऑटो ड्राइवर ने लौटाया बैग

शुक्रवार सुबह परवेज बैग लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने चेरी और उसके परिवार को बुलाया और बच्ची को उसका बैग सौंपा। बैग मिलते ही चेरी के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उसने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद कहा। एसडीओपी निमिष देशमुख ने बताया कि बच्ची की पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की। परिवार की गुजारिश पर ऑटो चालक को समझाइश देकर छोड़ दिया गया कि भविष्य में ऐसा कोई सामान मिले तो तुरंत पुलिस के सुपुर्द करे।

यह भी पढ़ें-

अटल जयंती पर MP को बड़ी सौगात, अमित शाह ने दी ₹5,810 करोड़ की सौगात, ई-जीरो FIR की शुरुआत

मौत के मुंह में समाने ही वाली थी महिला, जांबाजों ने खींचकर बचाई जान; रतलाम रेलवे स्टेशन का VIDEO

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।