1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. CA से 21.5 करोड़ की ठगी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगों ने बुजुर्ग को बनाया शिकार

CA से 21.5 करोड़ की ठगी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगों ने बुजुर्ग को बनाया शिकार

 Published : Jul 12, 2026 08:21 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 08:21 pm IST

आरोपियों ने पहले निवेश के पैसों में रिटर्न देकर बुजुर्ग का भरोसा जीता। इसके बाद उनसे और पैसों का निवेश करने को कहा। बाद में जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने शिकायत की।

CA Cyber Fraud- India TV Hindi
ठगी का शिकार हुए सीए अशोक विजयवर्गीय Image Source : REPORTER INPUT

ऑनलाइन व्यापार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर शातिर महिला ठग ने शहर के एक 70 वर्षीय चार्टड अकाउंटेंड से 21 करोड़ 5 लाख 92 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर राज्य साइबर सेल ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल ग्वालियर के इंदरगंज स्थित रोशनीघर रोड निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए हैं। दिसंबर 2025 में उनके वॉट्सएप पर एक युवती ने खुद को दिव्या सिंह बताकर संपर्क किया, जिसने ऑनलाइन निवेश के जरिए कम समय में अच्छा मुनाफा दिलाने का दावा किया। इसके बाद दोनों में इसी बात को लेकर बात होने लगी।

महिला ने एक दिन मोबाइल पर लिंक भेजा और रजिस्ट्रेशन करने को कहा। अशोक विजयवर्गीय ने अपने मोबाइल नंबर से अपना निवेश अकाउंट बना लिया, जिसमें यूएसडीटी व बीटीसी आदि में निवेश करने के ऑफर आने लगे। 

2025 से शुरू हुई ठगी

25 दिसंबर 2025 को पहली बार रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। उन्होंने एक लाख रुपये चार बार में अपने कर्मचारी दिनेश भाटिया के खाते से यूपीआई के जरिए बताए खाते में भिजवाए। फिर 29 दिसंबर को इतने ही रुपये दूसरे दोस्त पंकज चावला के खाते से जमा कराए, जिसका उनको पोर्टल पर लाभ भी दिखने लगा। बाद में उन्होंने 7 जनवरी को एचडीएफसी बैंक खाते में जमा 1 लाख 88 हजार 160 रुपये भी निकाले। ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाने के लिए पोर्टल पर उनको लाभ दिखाया। इस वजह से उन्हें विश्वास हो गया कि जहां पर वह अपने पैसे का निवेश कर रहे हैं, उनको लाभ मिल रहा है। ठगों ने सीए से और राशि निवेश करने को कहा तो उन्होंने 31 दिसम्बर को 15 लाख रुपए अपने यूनियन बैंक खाते से ठगों द्वारा बताए खातों में आरटीजीएस के माध्यम से चार बार में पैसे ट्रांसफर कराए। पोर्टल पर लाभ दिखने पर उन्होंने जून 2026 तक अलग-अलग खातों में 21 करोड़ 5 लाख 92 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

पैसे निकालने से पहले 5 करोड़ जमा कराए

कुछ समय बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अपने प्रॉफिट की रकम निकालने के लिए कहा तो ठगों ने कहा कि आपको 10 करोड़ 84 लाख रुपये आकर देने होंगे। अशोक ने इतनी बड़ी रकम अपने पास होने से इनकार किया और दिव्या सिंह से संपर्क किया तो उसने कहा कि आधी रकम 5 करोड़ 34 लाख रुपये अपनी तरफ से जमा कर देती हूं। इसके साथ ही शेष रकम यानी 5 करोड़ रुपये चार्टर्ड अकाउंटेंट से मंगा ली। ठगों  ने कहा कि अब आप पैसा निकाल सकते हैं।

दक्षिण भारत के खातों में ट्रांसफर हुए पैसे

अशोक विजयवर्गीय ने जब रुपये निकालने की लिए रिक्वेस्ट भेजी तो उन्होंने यह कह कर मना कर दिया कि आपका विड्रॉवल 1 करोड़ से ज्यादा है तो आपको रिस्क मार्जिन 2 लाख रुपये और जमा करने होंगे। 21 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम देने के बाद भी और रकम मांगने पर अशोक विजयवर्गीय को संदेह हुआ और उन्होंने अपने दोस्तों को आपबीती बताई तब उनको पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने राज्य साइबर सेल में अज्ञात के खिलाफ शिकायत की। साइबर सेल उप पुलिस अधीक्षक संजीव नयन शर्मा का कहना है कि ठगी की रकम देश के कई राज्यों के खातों में भेजी गई है। सबसे ज्यादा दक्षिण भारत के खातों में ठगी की रकम भेजी गई है। पुलिस अब खातों की जानकारी जुटा रही है।

(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पीएम मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर लोगों से करते थे ठगी, पटना में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, महिला समेत 3 गिरफ्तार

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 25 लाख की साइबर ठगी, पुलिसकर्मियों को बनाया था शिकार, 4 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।