1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में बेकाबू ट्रक ने कांवड़ियों को मारी टक्कर, 1 की मौत 6 कांवड़िये हुए घायल

इंदौर में बेकाबू ट्रक ने कांवड़ियों को मारी टक्कर, 1 की मौत 6 कांवड़िये हुए घायल

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 31, 2025 06:52 am IST,  Updated : Jul 31, 2025 06:52 am IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने कांवड़यों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 25 वर्षीय कांवड़िये की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग घायल हो गए हैं।

Indore an uncontrolled truck hit Kanwariyas 1 died and 6 Kanwariyas were injured- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार रात एक बेकाबू ट्रक की टक्कर लगने से 25 वर्षीय कांवड़िये की मौत हो गई जबकि कांवड़ ले जा रहे छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर सिमरोल थाना क्षेत्र के कटी घाटी इलाके में हुआ। उन्होंने बताया, “ओंकारेश्वर से उज्जैन जा रहे कांवड़ियों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। इनमें शामिल आदर्श राठौर (25) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह अन्य कांवड़ियों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।” 

ट्रक ने कांवड़ियों को मारी टक्कर

चौधरी ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है और उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। बता दें कि बीते दिनों झारखंड के देवघर में भी ऐसा ही हादसा देखने को मिला था। यहां देवघर में दिल दहला देने वाला सड़क हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई। साथ ही इस सड़क हादसे में कई कांवड़िएं घायल भी हो गए थे।

झारखंड में सड़क हादसे में कांवड़ियों की मौत

एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कांवड़ियों को ले जा रही बस गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। ये दर्दनाक हादसा मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुआ। यहां कांवड़ियों से भरी 32 सीट वाली बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे को लेकर पहले दुमका जोन के महानिरीक्षक ने बताया था कि हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौत हुई है। वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। हालांकि भाजपा नेता और क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने पुष्टि की कि इस हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।