1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा, इन्फ्लुएंसर युवती समेत 3 घायल, दोपहिया भी जलकर हुई खाक

इंदौर में गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा, इन्फ्लुएंसर युवती समेत 3 घायल, दोपहिया भी जलकर हुई खाक

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 24, 2026 07:34 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 07:35 am IST

इंदौर में गैस पाइपलाइन फटने से बहुत बड़ा धमाका हुआ, जिसमें एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल है। सुमन नगर जैन मंदिर के पास बोरिंग के दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन फट गई।

Mp News- India TV Hindi
इंदौर में गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा Image Source : INDIA TV

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित सुमन नगर जैन मंदिर के पास बोरिंग के दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन फट गई। गैस रिसाव के बाद हुए धमाके और आगजनी में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए। कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए।

बोरिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा

सुमन नगर जैन मंदिर परिसर के पास बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर बिछी अवंतिका गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिस्थिति के हिसाब से जरूरी कदम उठाए।

इन्फ्लुएंसर युवती गंभीर रूप से झुलसी

इस हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजकुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों के अनुसार वह अपनी एक्टिवा पर सवार थीं तभी अचानक आग की लपटों की चपेट में आ गईं। युवती करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गई है। इस घटना में अभी पुलिस की आगे की अपडेट सामने आना बाकी है। आग इतनी भीषण थी कि युवती की एक्टिवा समेत कई दोपहिया वाहन जल गए। वाहन में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और अन्य सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

तीन अन्य लोग भी घायल

इस घटना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजकुमारी के अलावा सुभाष ठाकुर, गोपाल मालाकार और श्याम बरोड़ा भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पार्षद ने झाड़ा पल्ला

मौके पर मौजूद वार्ड 31 के पार्षद बालमुकुंद सोनी ने कहा कि यह कार्य नगर निगम द्वारा कराया जा रहा था। उन्होंने इसे वाटर रिचार्जिंग का काम बताते हुए गैस एजेंसी की लापरवाही पर सवाल उठाए।

अवंतिका गैस ने ठेकेदारों को ठहराया जिम्मेदार

अवंतिका गैस के अधिकारी रोहित जैन ने कहा कि कंपनी की ओर से हर 30 मीटर पर चेतावनी बोर्ड और दिशा-निर्देश लगाए गए हैं। खुदाई या बोरिंग से पहले हेल्पलाइन पर सूचना देना जरूरी होता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

दमकल ने पाया आग पर काबू

फायर अधिकारी शिवकुमार दुबे के अनुसार सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। विशेष फोम लिक्विड का उपयोग कर आग पर काबू पाया गया।

पुलिस कर रही जांच

एसीपी पराग सैनी ने बताया कि चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि बोरिंग का काम सरकारी था या निजी स्तर पर कराया जा रहा था। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। अहम सवाल यह है कि आखिर गैस पाइपलाइन के ऊपर बोरिंग की अनुमति किसने दी? क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? हादसे के बाद अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जो तय करेगी कि इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है?

(इनपुट- भरत पाटिल)

ये भी पढे़ं-

रेलवे स्टेशन पर शराब दुकान में दिखाई दबंगई, बंदूक के दम पर कर्मचारियों को धमकाया, CCTV में कैद हुई वारदात

कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, पुलिस हिरासत में चालक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।