1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 1 बड़े सिलेंडर से अवैध तरीके से भर जा रहे थे 18 छोटे रसोई गैस सिलेंडर, तभी हो गया धमाका, जानिए फिर क्या हुआ?

1 बड़े सिलेंडर से अवैध तरीके से भर जा रहे थे 18 छोटे रसोई गैस सिलेंडर, तभी हो गया धमाका, जानिए फिर क्या हुआ?

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Mar 25, 2025 05:55 pm IST,  Updated : Mar 25, 2025 06:08 pm IST

रोजाना अवैध तरीके से सिलेंडर भरे जाने का विरोध कई लोग कर रहे थे। स्थानीय लोगों में इसको लेकर आक्रोश भी था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में अवैध तरीके से रसोई गैस का सिलेंडर भरे जाने पर धमाका हो गया। एक दुकान पर बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में अवैध तरीके से सिलेंडर भरा जा रहा था। तभी सिलेंडर में रसोई गैस भरने के दौरान जोरदार धमाका होने से एक कर्मचारी समेत दो लोग झुलस गए। 

जोरदार धमाके से दो लोग झुलसे

पुलिस उपायुक्त (DCP) विनोद कुमार मीना ने बताया, ‘आजाद नगर थाना क्षेत्र में घनश्याम यादव अपनी दुकान पर बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में अवैध तौर पर रसोई गैस भरने का काम कर रहा था।’ घनश्याम यादव की दुकान पर एक बड़े सिलेंडर से 18 छोटे सिलेंडर में रसोई गैस भरे जाने के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसमें उसका एक कर्मचारी और एक रिश्तेदार झुलस गए। 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

डीसीपी ने कहा कि इन दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुकानदार घनश्याम यादव के खिलाफ संबद्ध प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। खाद्य विभाग को भी इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा गया है। दुकान में सिलेंडर में अवैध तौर पर रसोई गैस भरने के दौरान धमाका होने के बाद इसके आस-पास रहने वाले लोगों ने एकजुट होकर जमकर नाराजगी जताई है। 

स्थानीय लोगों ने जताया विरोध

घटनास्थल के पास रहने वाली सपना यादव ने बताया, ‘बर्तन की दुकान की आड़ में सिलेंडर में अवैध तौर पर रसोई गैस भरने का काम लम्बे वक्त से चल रहा था। हमारे विरोध के बावजूद दुकानदार यह काम बंद नहीं कर रहा था।’ उन्होंने कहा कि इस दुकान पर सिलेंडर में अवैध तौर पर रसोई गैस भरने के दौरान पहले भी धमाका हो चुका है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।