मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में एक दिल दहलाने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां गोरखपुर थाना क्षेत्र के राजुल डुप्लेक्स में एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। गोलीबारी की घटना में प्रेमी और प्रेमिका दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ FSL की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान शक्ति कोहली और मृतक लड़के की पहचान दीपेश राठौर के रूप में हुई है।
शादीशुदा ती मृतका
मृतका पहले से शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रेमी दीपेश आपराधिक प्रवृत्ति का था। जब शक्ति को उसके आपराधिक रिकॉर्ड का पता चला, तो उसने दीपेश से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। लेकिन, शक्ति के ऐसा करने से दीपेश नाराज हो गया और इसी गुस्से में दीपेश ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंचे एडिशनल एसपी (ASP) को भारी जनआक्रोश का सामना करना पड़ा।
मृतका के परिजनों ने पहले ही दीपेश के खिलाफ दर्ज कराई थी एफआईआर
मृतका की बहन शीतल जाटव ने एएसपी की गाड़ी का रास्ता रोककर उनका घेराव कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने 10 दिन पहले ही विजय नगर थाने में दीपेश राठौर के खिलाफ रेप और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते इस शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो आज यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। वारदात के बाद घटनास्थल पर तनाव का माहौल बन गया।
आगबबूला परिजनों ने दीपेश राठौर की कार में की तोड़फोड़
गुस्से से आगबबूला परिजनों ने घटनास्थल पर खड़ी मृतक दीपेश राठौर की कार में जमकर तोड़फोड़ की। मृतका के जीजा शरद जाटव ने कार के कांच फोड़ दिए। जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तोड़फोड़ करने से रोकने की कोशिश की,तो परिजन पुलिस से ही उलझ गए। मृतका की बहन शीतल जाटव ने बताया हमने 10 दिन पहले विजय नगर थाने में शिकायत की थी कि दीपेश जान से मारने की धमकी दे रहा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। अगर समय पर कार्रवाई होती,तो मेरी बहन आज जिंदा होती। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- देबजीत देब)
ये भी पढ़ेंः नर्मदापुरम में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार बोलेरो पलटने से 5 लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर