बलिया/सागरः गोरखपुर और बलिया से प्रयागराज होकर मुंबई तक जाने वाली 2 एक्सप्रेस ट्रेनों में बम होने की सूचना के बाद अफरातफरी मच गई। इसके बाद दोनों ट्रेनों को रुकवा कर उनकी सघन तलाशी ली गई, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजकीय रेलवे पुलिस प्रयागराज को सोशल मीडिया के माध्यम से मंगलवार सुबह 10:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि बलिया से मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन और गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस ट्रेन में बम है।
तलाशी में कुछ भी नहीं निकला
सूचना को गंभीरता से लेते हुए कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन को बलिया रेलवे स्टेशन और दादर एक्सप्रेस ट्रेन को औड़िहार रेलवे स्टेशन पर रोककर अच्छी तरह तलाशी ली गई, हालांकि इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। राजकीय रेलवे पुलिस के गोरखपुर स्थित नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, दोनों रेलगाड़ियों को सघन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं होने के बाद उनके गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया गया। तलाशी की वजह से दोनों रेलगाड़ियां लगभग 3 घंटे की देरी से रवाना हुईं।
यात्रियों के बैग की भी जांच
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के अंदर और यात्रियों के बैग की भी जांच की गई है। उधर, जबलपुर के एक प्राइवेट स्कूल में बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। रांझी के सेंट गेब्रियल हायर सेकेंडरी स्कूल में बम की धमकी मिली थी। स्कूल के ईमेल पर बम की धमकी भेजी गई। बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली/NCR के स्कूलों, फ्लाइट्स और अन्य जगहों पर बम होने की तमाम झूठी खबरें सामने आई हैं। फ्लाइट्स में तो बम होने की झूठी खबरों की वजह से कंपनियों को कई करोड़ रुपये का नुकसान तक झेलना पड़ा था।
रिपोर्ट- टेकराम ठाकुर, सागर (पीटीआई इनपुट्स के साथ)