1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. निहाली से अगवा युवती को बचाया, विवाहित आरोपी के खिलाफ पुलिस ने BNS के तहत दर्ज किया मामला

निहाली से अगवा युवती को बचाया, विवाहित आरोपी के खिलाफ पुलिस ने BNS के तहत दर्ज किया मामला

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 09, 2026 10:45 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 10:45 am IST

बड़वानी जिले की पुलिस ने उस युवती को सुरक्षित बचा लिया है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती ले जाते हुए देखा गया था। विवाहित आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

crime news- India TV Hindi
अगवा युवती को बचाया Image Source : PEXELS

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बड़वानी जिले की पुलिस ने उस युवती को सुरक्षित बचा लिया है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती ले जाते हुए देखा गया था। राजपुर पुलिस स्टेशन इलाके के जलगांव गांव में हुई यह घटना तब सामने आई, जब दिन-दहाड़े अपहरण का एक वीडियो ऑनलाइन सामने आया। हालांकि, शुरू में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन राजपुर पुलिस ने फुटेज का स्वतः संज्ञान लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद युवती निहाली इलाके में मिल गई।

युवती का किया अपहरण 

पीड़िता के भाई के अनुसार युवती पहले हुकुम नाम के एक युवक के संपर्क में थी। सामाजिक रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी जैसी रस्में निभाने के बाद वह उसके साथ महाराष्ट्र भी गई थी। हालांकि, बाद में उसे पता चला कि हुकुम पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे। यह बात पता चलने पर उसने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और इंद्रपुर गांव में अपने मायके लौट आई। भाई ने आरोप लगाया कि जब महिला जलगांव गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हो रही थी तो हुकुम अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर आया और जबरदस्ती उसे उसकी मर्जी के खिलाफ ले गया। अपहरण के इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने महिला को मुसीबत से बचाया

एडिशनल SP धीरज बब्बर ने ANI को कहा, 'सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक महिला को दिन-दहाड़े जबरदस्ती ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद राजपुर पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। महिला को निहाली इलाके से सुरक्षित बचा कर पुलिस स्टेशन लाया गया।'

विवाहित आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने हुकुम और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में आगे जानकारी देते हुए कहा, 'महिला से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार एक ज्ञात व्यक्ति और अन्य लोगों के खिलाफ BNS की धारा 140(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।' 

निहाली से युवती को क्यों किया गया था अगवा

वहीं महिला के भाई ने यह भी बताया कि आरोपी के शादीशुदा होने का पता चलने के बाद रिश्ता आगे न बढ़ाने का फैसला ही इस जबरदस्ती अपहरण की मुख्य वजह थी। पुलिस अब इस अपराध में शामिल हुकुम और उसके साथियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

ये भी पढे़ं- डांस का सपना दिखाकर नाबालिग का अपहरण, होटल में सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश, दो महिला समेत 11 आरोपी गिरफ्तार

19 साल की लड़की को बंदूक के बल पर घर से ले गए बदमाश, 15 दिन में दूसरी बार अपहरण, आधी रात हुई घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।