भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गौतम नगर थाना क्षेत्र के करीम बक्श कॉलोनी में रहने वाले 12 वर्षीय छात्र इब्राहिम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
Related Stories
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने खुलासा करते हुए साफ कर दिया कि बच्चे ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। बच्चे के सिर में ज़ब गोली लगी तो उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर के कमरे से बेसुध हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि कई घंटों की मशक्कत के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इब्राहिम उर्फ अब्दुल्ला, रिजवान लाला का बेटा था। इब्राहिम के परिजनों के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच घर में कुछ बाहरी लोगों का आना-जाना हुआ था। इसी दौरान रात करीब दो बजे परिवार के सदस्यों की नजर बालकनी में पड़े बच्चे पर पड़ी, जो खून से लथपथ और अचेत अवस्था में था।
घटना के बाद परिजन घबरा गए और बिना देर किए बच्चे को कमला नेहरू अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत को बेहद नाजुक बताते हुए तत्काल इलाज शुरू किया। रातभर उपचार चलता रहा, लेकिन शनिवार सुबह करीब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घर की अलमारी में रखी हुई थी पिस्टल
एसीपी राकेश बघेल ने बताया कि पिस्टल घर की अलमारी में रखी हुई थी। बच्चे के पिता रिजवान ने बताया कि पिस्टल उसके बहनोई वाहिद नूर की थी। वह पहले रिज़वान के घर में ही रहता था। एसीपी राकेश बघेल ने कहा कि शार्ट पीएम में आत्महत्या करने की बात सामने आई है। बच्चे ने आत्महत्या की या ये हादसा है, अब इसकी जांच की जा रही है। एसीपी ने बताया कि घटना स्थल की एफएसएल टीम से जांच करवा ली है। पुलिस ने घर से पिस्टल भी जब्त की है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना हादसा है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से गोली चली। देर रात घर में मौजूद लोगों, आसपास के रहवासियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। वहीं पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।