1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में लगी भीषण आग, करीब 25 यात्री थे सवार, ड्राइवर और क्लीनर पर लगे गंभीर आरोप

ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में लगी भीषण आग, करीब 25 यात्री थे सवार, ड्राइवर और क्लीनर पर लगे गंभीर आरोप

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 06, 2026 06:36 am IST,  Updated : Sep 06, 2026 07:12 am IST

मध्य प्रदेश में ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में इतनी भीषण आग लगी कि बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। इस बस में जब आग लगी, तब करीब 25 यात्री उसमें सवार थे।

Madhya Pradesh- India TV Hindi
ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में लगी भीषण आग Image Source : INDIA TV/SCREENGRAB

ग्वालियर: मध्य प्रदेश में ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में आग लगने से हड़कंप मच गया। हालात ये हो गए कि यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे।

क्या है पूरा मामला?

घटना शनिवार रात की है। ग्वालियर के चेतक पुरी इलाके में विवेकानंद तिराहे के पास ग्वालियर से भोपाल जा रही एक वीडियो कोच बस में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि यात्रियों को बस से कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।

बस में करीब 25 यात्री मौजूद थे और आग फैलने की वजह से वह बस से कूदे। हालांकि गनीमत ये रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।

यात्रियों ने लगाए स्टाफ पर गंभीर आरोप

इस घटना के बाद यात्रियों ने बस के ड्राइवर और क्लीनर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का आरोप है कि बस में कोई टेक्निकल समस्या थी इस वजह से स्टाफ ने सफर से पहले उसे रिपेयर किया था। 

यात्रियों का आरोप है कि बस के ड्राइवर और क्लीनर ने जैसे ही धुआं निकलते देखा तो उन्होंने बस से छलांग लगा दी और किसी यात्री को कुछ नहीं बताया। ड्राइवर और क्लीनर के बस से कूदने पर बाकी यात्रियों में हड़कंप मच गया और वह सभी बुरी तरह डर गए। आग लगने पर यात्रियों ने भी कूदकर जान बचाई।  

आस-पास से गुज़रने वाले लोगों, वाहन चालकों और ड्यूटी पर न होने वाले पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की और आग पर काबू पाने की शुरुआती कोशिशें कीं। हालांकि बाद में सूचना मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंची और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। हालांकि तब तक बस जलकर खाक हो चुकी थी।

इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बैतूल में ईवीएम और मतदान कर्मियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लग गई थी। ये बस बैतूल जिले के छह मतदान केंद्रों से मतदान सामग्री लेकर आ रही थी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था।

ये भी पढ़ें-

स्कूल बस से निकला धुंआ तो जान बचाने के लिए भागे छात्र, शिक्षा विभाग पर उठे सवाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।