मध्य प्रदेश के बालाघाट में जनसुनवाई में एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें अपनी नाबालिग बहन के साथ भाई अपने पिता संतोष बघेल की शिकायत करने पहुंचा था। पिता पर आरोप है कि उसने दूसरी शादी करने के लिए उन दोनों भाई-बहन को घर से बाहर निकाल दिया है। यही नहीं वह गैराज का संचालन करता है लेकिन अब गैराज दुकान से भी खदेड़ रहा है। इन सभी कार्यो में उसके पिता का सहयोग 5 बुआ और सभी फूफा कर रहे हैं।
जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचे भाई-बहन
इस घटनाक्रम से आहत पीड़ित भाई-बहन ने पुलिस में शिकायती आवेदन किया था लेकिन वहां पर कार्रवाई नहीं होने पर वे जनसुनवाई में शिकायत करने के लिए पहुंचे थे।
'मां के जिंदा रहते हुए भी दूसरी शादी की बात करते थे पिता'
अपनी 12 वर्षीय नाबालिग छोटी बहन के साथ शिकायत करने पहुंचे साकेत बघेल ने आरोप लगाया कि मां प्रेमलता बघेल के जीवित रहते हुए भी पिता हमेशा दूसरी शादी की बात करते थे। मार्च 2021 में पिता, बुआ और फूफा ने मिलकर मां के साथ मारपीट की थी। मां को कुएं में फेंककर उनकी हत्या कर दी थी। साकेत के अनुसार इस घटना की सच्चाई किसी को नहीं बताने के लिए धमकाया गया और छोटी बहन की गर्दन पर हंसिया रखकर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके कारण वे चुप रहे।
'गैराज तोड़ने की धमकी देते हैं पिता और फूफा'
वर्तमान में वह अपनी बहन के साथ परसवाड़ा में रह रहा है। पीड़ित साकेत बघेल ने बताया कि पिता और फूफा वहां भी आकर उन्हें धमकी देते हैं और उनके गैराज को तोड़ने की बात कहते हैं। वे यह कहते हैं कि हम उनकी औलाद नहीं हैं, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस कर रहे है। साथ ही कार्रवाई की मांग करते है।
मां की हत्या के 4 साल बाद बच्चों को घर-गैराज से खदेड़ा
पीड़ित ने बताया कि बीते मार्च में पिता, बुआ और फूफा ने उन्हें फिर से घर से निकाल दिया था। जिसके कारण वे अपने गांव भिमोड़ी से परसवाड़ा में आकर रह रहे थे और गैराज का संचालन कर रहे थे। लेकिन अब गैराज से भी खदेड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर परसवाड़ा थाने में अपनी मां की मौत और प्रताड़ना के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। पुलिस का कहना था कि इतनी लंबी चौड़ी शिकायत की है और उस ओर ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण ही वह अब जनसुनवाई में पहुंचा है।
वहीं नाबालिग बहन ने भी अपने पिता पर आरोप लगाया कि वह उसे बहुत प्रताड़ित करते हैं और जहर देने की धमकी देते हैं। वह पिता के साथ अब नहीं रहना चाहती है।
(रिपोर्ट- शौकत बिसाने)
यह भी पढ़ें-