1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट, एक नाबालिग युवक की मौत, दो अन्य घायल

मध्य प्रदेश: सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट, एक नाबालिग युवक की मौत, दो अन्य घायल

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Feb 14, 2025 04:39 pm IST,  Updated : Feb 14, 2025 06:14 pm IST

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट की खबर सामने आ रही है। इस घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई है। वहीं, दो लोग बुरी तरह से घायल भी हो गए हैं।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

मध्य प्रदेश के दतिया जिले से हादसे की दुखद खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दतिया में सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट के कारण एक नाबालिग युवक की मौत हो गई है। इसके साथ ही दो अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है। अधिकारियों ने बताया है कि स्थिति का आकलन करने के लिए स्थानीय अधिकारी और सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही आगे के सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दतिया जिले में सेना की फायरिंग रेंज में गोला-बारूद के एक टुकड़े में विस्फोट हो गया। पुलिस ने बताया है कि इस हादसे में एक 17 साल के नाबालिग युवक की मौत हो गई है। वहीं, दो अन्य नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ितों में से एक ने जमीन पर पड़ा एक बिना फटा गोला-बारूद का टुकड़ा उठाया था। इसी दौरान वह फट गया।

घायल अस्पताल में भर्ती

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार शिवहरे ने इस घटना को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया है कि यह घटना सुबह करीब नौ बजे जैतपुर गांव के पास हुई है। यह इलाका दतिया शहर से 80 किलोमीटर दूर बसई पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में है। हादसे में घायल लोगों को उत्तर प्रदेश के झांसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

गोला-बारूद इकट्ठा करते हैं लोग

जानकारी के मुताबिक, फायरिंग रेंज के आस-पास के गांव में रहने वाले लोग अक्सर गोला-बारूद इकट्ठा करते हैं और उसे कबाड़ के रूप में बेचते हैं। इससे तांबे जैसी धातुयें प्राप्त होती हैं। हालांकि, ये काम काफी जोखिम भरा भी होता है। क्योंकि बिना फटे गोला-बारूद फट सकता है। पुलिस ने बताया है कि मामले में आगे की जांच जारी है। (इनपुट: भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।