1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. जबलपुर क्रूज हादसा: CM मोहन यादव ने कर दी सख्त कार्रवाई, कई लोगों की सेवा समाप्त, एक का निलंबन भी हुआ

जबलपुर क्रूज हादसा: CM मोहन यादव ने कर दी सख्त कार्रवाई, कई लोगों की सेवा समाप्त, एक का निलंबन भी हुआ

 Published : May 01, 2026 08:51 pm IST,  Updated : May 01, 2026 10:03 pm IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जबलपुर क्रूज हादसे के मामले में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। इस हादसे के बाद कई लोगों की सेवा समाप्त कर दी गई है और एक अधिकारी का निलंबन भी हुआ है।

jabalpur bargi dam cruise accident- India TV Hindi
जबलपुर हादसे के बाद सीएम मोहन यादव का एक्शन। Image Source : X (@MOHANYADAV)/ANI

मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्रूज हादसे में मरने वालों की संख्या 9 पहुंच गई है। अब राज्य के सीएम मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे को लेकर लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है। वहीं, रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय में अटैच किया गया है।

CM ने दी कार्रवाई की जानकारी

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा- "जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।"

 उच्च स्तरीय जांच समिति गठित 

जबलपुर क्रूज हादसे को लेकर सीएम मोहन यादव ने ट्वीट में कहा- "जबलपुर में बरगी जलाशय में हुई दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा, सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज संचालन से जुड़ी एसओपी तैयार की जाएगी। पास ही में जल जीवन मिशन का कार्य चल रहा था, जिससे तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू हो पाया। राहत और बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों और सहयोग देने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप 51-51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। बचाव दल के सभी बहादुरों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करेंगे। NDRF, SDERF और सेना के गोताखोरों ने कई अनमोल जिंदगियां बचाई हैं।"

पीड़ित परिवारों से मिले CM मोहन

इससे पहले सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर पहुंचकर हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लिखा- "आज जबलपुर में बरगी में हुए दुखद हादसे में प्रभावित परिवारों से मिला। इस घटना में परिजनों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके इस असहनीय दुःख में राज्य सरकार साथ खड़ी है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। कठिन समय में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। इस हादसे में 28 लोगों को बचाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। जो लापता हैं, उनकी तलाश की जा रही है।"

आपको बता दें कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी डैम में यात्रियों से भरा एक क्रूज पलट गया था। ये हादसा तेज हवा के कारण हुआ था। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 9 तक पहुंच चुकी है। जानकारी दी गई है कि 28 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसे के पहले का वीडियो आया सामने, ज्यादातर लोग नहीं पहने थे लाइफ जैकेट

जबलपुर हादसे में सामने आई बड़ी चूक! तेज आंधी के अलर्ट के बावजूद पानी में उतारा गया क्रूज, बढ़कर 9 हुई मृतकों की संख्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।