1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्यप्रदेश में 2 पुलिस अधिकारी पर गिरी गाज, किए गए निलंबित; जानें- क्यों हुई कार्रवाई

मध्यप्रदेश में 2 पुलिस अधिकारी पर गिरी गाज, किए गए निलंबित; जानें- क्यों हुई कार्रवाई

 Edited By: Bhasha
 Published : Jan 02, 2022 12:40 pm IST,  Updated : Jan 02, 2022 12:40 pm IST

सस्पेंड अधिकारियों में एक थाना प्रभारी और एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बताए जा रहे हैं। इन दोनों अधिकारियों ने आम जनता के साथ जबरन मारपीट की और अभद्रता की थी।

Jhabua Drunk cop Case- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : INDIA TV/ FILE PHOTO

Highlights

  • झाबुआ SP ने लिया एक्शन
  • दोनों पुलिस अधिकारी का मेडिकल टेस्ट
  • कुछ दिन पहले वायरल हुआ था वीडियो

Jhabua Drunk Cop Case: मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। सस्पेंड अधिकारियों में एक थाना प्रभारी और एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बताए जा रहे हैं। इन दोनों अधिकारियों ने आम जनता के साथ जबरन मारपीट की और अभद्रता की थी। इसके बाद लोगों ने इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इनका वीडियो भी वायरल हुआ था।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की जानकारी के मुताबिक, इलाके के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सोनू डाबर ने रविवार को बताया कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने रायपुरिया पुलिस थाने के प्रभारी अनिल बामनिया एवं एएसआई अजित सिंह को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘जनता द्वारा एक वीडियो हमें दिया गया। जिसमें थाना प्रभारी बामनिया एक व्यक्ति से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हमने उस पर संज्ञान लिया और उन्हें निलंबित किया है।’’

डाबर ने बताया, ‘‘एएसआई सिंह का एक ऑडियो सामने आया है जिसमें वह अभद्र तरीके से बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।’’ उन्होंने कहा कि वीडियो को देखते हुए प्रथम दृष्ट्या कहा जा सकता है कि थाना प्रभारी नशे की हालत में थे। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद सिंह वास्कले व डाबर को रायपुरिया भेजा गया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि दोनों नशे की हालत में थे या नहीं।

बता दें, झाबुआ जिले में आमजन पर लाठियां चलाने एवं उनके साथ दुर्व्यवहार करने का एक वीडियो सामने आया था। इस घटना का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद इन अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गयी है। यह घटना झाबुआ जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर रायपुरिया कस्बे में शनिवार रात को हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।