1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा, रिसॉर्ट में आग लगने से 10 लोगों की मौत, 9 घायल

बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा, रिसॉर्ट में आग लगने से 10 लोगों की मौत, 9 घायल

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 17, 2026 03:19 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 03:43 pm IST

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के समय रिसॉर्ट में लगभग 30 लोग मौजूद थे।

आग लगने से 10 लोगों की मौत।- India TV Hindi
आग लगने से 10 लोगों की मौत। Image Source : X/LAMIAH02022002

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में एक सीसाइड रिसॉर्ट में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कॉक्स बाजार के इनानी स्थित 'टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट' में आग लग गई। मरीन ड्राइव के पास पटुआर्टेक बीच के करीब स्थित इस रिसॉर्ट में आग लगने के कुछ घंटों बाद, दोपहर करीब 1:30 बजे फायर सर्विस के प्रवक्ता तलहा बिन जासिम ने 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

'बीडीन्यूज 24' की रिपोर्ट के अनुसार, घायल हुए नौ लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल ने बताया कि घायलों में से पांच लोग ऐसे हैं, जिनके शरीर का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। उन्होंने कहा, "एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जलने से घायल हुए पांचों मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।"

बांस और लकड़ी से बना था तीन मंजिला रिसॉर्ट

बता दें कि मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना यह तीन मंजिला रिसॉर्ट, बीच टाउन के प्रवेश द्वार के पास कोलाटोली से लगभग 29 किलोमीटर दूर स्थित है। 'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने के समय रिसॉर्ट में लगभग 30 लोग मौजूद थे। चार से पांच लोग तो किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि वे कहां हैं और उनकी हालत कैसी है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग की चपेट में आकर पूरी इमारत जलकर खाक हो गई है। कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि शवों को उनके परिवारों को सौंपने से पहले उनके डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मन्नान ने बताया कि फायर सर्विस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को शक है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई हो सकती है। हालांकि, जांच पूरी होने तक आग लगने के असली कारण का पता नहीं चल सकेगा। (इनपुट- एपी)

यह भी पढ़ें-

लंदन में सड़क किनारे नशे में बेहोश मिलीं UAE के शाही परिवार की महिला, कोर्ट ने सुनाई सजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।