सियोल: उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन अपनी सैन्य ताकत को लगातार बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर कोरिया ने लक्ष्य का पता लगाकर उसकी ओर बढ़ने के लिए AI से युक्त एक टॉरपीडो प्रणाली का सफल परीक्षण किया। उत्तर कोरिया की ओर से यह जानकारी दी गई। इसे बेहद तेज गति से चलने वाला और सटीक निशाना लगाने में सक्षम हथियार बताया गया है।
पांच वर्षों में 180 से अधिक परीक्षण
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) ने बताया कि इस प्रणाली का बृहस्पतिवार को परीक्षण किया गया। इस हथियार में टारगेट की पहचान करने और उसे निशाना बनाने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस सिस्टम में AI किस तरह काम करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षण के दौरान हथियार की प्रोपल्शन सिस्टम की क्षमता भी जांची गई। इस सिस्टम को विकसित करने के लिए पिछले पांच वर्षों में 180 से अधिक परीक्षण किए गए हैं।
उत्तर कोरिया पर अक्सर अपनी सैन्य प्रौद्योगिकी की क्षमताओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाने वाली दक्षिण कोरिया की सेना ने केसीएनए की रिपोर्ट पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
उत्तर कोरिया की सैन्य गतिविधियों में तेजी
उत्तर कोरिया ने हाल के दिनों में अपने हथियारों का लगातार प्रदर्शन कर दुश्मन देशों की नींद हराम कर दी है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन अब नौसैनिक क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। इससे पहले उत्तर कोरिया ने बुधवार को लगभग तीन साल बाद पहली बार पानी के भीतर से मिसाइल दागने का परीक्षण किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परीक्षणों में ऐसी पनडुब्बी का इस्तेमाल किया गया हो सकता है, जिसे अभी तैनात नहीं किया गया है। प्योंगयांग पहले दावा कर चुका है कि इस पनडुब्बी को परमाणु हथियार ले जाने वाली मिसाइलों को दागने के लिए तैयार किया जा रहा है।
बता दें कि उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच लंबे अर्से से तनाव बना हुआ है। किम जोंग उन ने हाल के वर्षों में दक्षिण कोरिया के साथ कूटनीतिक बातचीत और सहयोग रोक दिया है तथा उसे स्थायी दुश्मन करार दिया है। वहीं, अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता भी लंबे समय से गतिरोध में है। ऐसे में उत्तर कोरिया के लगातार सैन्य परीक्षणों को उसकी रक्षा क्षमताओं के विस्तार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
बता दें कि हाल ही में उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि ये मिसाइलें उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के आसपास के क्षेत्र से दागी गईं। दक्षिण कोरिया की सेना ने उत्तर कोरिया की इस हरकत की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें:
भूकंप के तेज झटकों से हिली पाकिस्तान की धरती, रिक्टर स्केल पर 5.8 की तीव्रता, लोग घरों से बाहर निकले