1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 15 से 17 अगस्त के वीकेंड में है मध्य प्रदेश घूमने का मन, जानें राज्य भर में कैसा रहेगा मौसम

15 से 17 अगस्त के वीकेंड में है मध्य प्रदेश घूमने का मन, जानें राज्य भर में कैसा रहेगा मौसम

 Published : Aug 07, 2025 05:44 pm IST,  Updated : Aug 07, 2025 05:44 pm IST

15 से 17 अगस्त 2025 के वीकेंड पर मध्य प्रदेश के अधिकतर पर्यटन स्थलों में बादल और बारिश का मौसम रहेगा। मांडू, सांची, उज्जैन और ओरछा जैसे स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि पंचमढ़ी और अमरकंटक में भारी बारिश से ट्रेकिंग में दिक्कत हो सकती है।

MP Weather, Weather Forecast- India TV Hindi
मध्य प्रदेश के कई इलाकों में 15, 16 और 17 अगस्त को बारिश की संभावना है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

भारत का दिल कहा जाने वाला मध्य प्रदेश अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य और राष्ट्रीय उद्यानों के लिए पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। अगर आप स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड यानी कि 15, 16 और 17 अगस्त 2025 के बीच मध्य प्रदेश घूमने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए मौसम का हाल जानना जरूरी है। हमने मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे मांडू, खजुराहो, सांची, पंचमढ़ी, ग्वालियर, उज्जैन, ओरछा आदि के 15 से 17 अगस्त 2025 के मौसम का विश्लेषण किया है। आइए, जानते हैं कि इन जगहों पर मौसम कैसा रहेगा और क्या ये दिन घूमने के लिए भी ठीक रहेंगे।

शहर मौसम
मांडू 15 से 17 अगस्त के बीच तापमान 25°C से 31°C के बीच रहेगा। 15 अगस्त को बादल छाए रहेंगे जबकि 16 अगस्त को हल्की बौछारें और 17 अगस्त को गरज के साथ बारिश हो सकती है। मांडू की हरियाली और जहाज महल बारिश में खूबसूरत लगते हैं। आप यहां एक अच्छा वीकेंड बिता सकते हैं।
खजुराहो 15, 16 और 17 अगस्त को यहां का तापमान 24°C से 31°C सेंटीग्रेट के बीच रहेगा।  तीनों दिन यहां बारिश की संभावना है। आप मंदिर वगैरह घूमने जा रहे हैं तो छाता जरूर साथ रखें। इस काम के लिए सुबह या शाम का समय अच्छा रहेगा।
सांची 15, 16 और 17 अगस्त को सांची का तापमान 23°C से 30°C के बीच रहेगा। 15 अगस्त और 16 अगस्त को यहां बारिश होगी जबकि 17 अगस्त को गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 15 अगस्त को सांची का स्तूप देखने का अच्छा समय है।
पंचमढ़ी 15, 16 और 17 अगस्त को पंचमढ़ी में तापमान 20°C से 27°C तक रहने की संभावना है। यहां 15 को हल्की बौछारें, 16 को भारी बारिश और 17 को गरज के साथ बारिश हो सकती है। बारिश में पंचमढ़ी की हरियाली शानदार लगती है, लेकिन वॉटरफॉल और ट्रेकिंग के रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं।
ग्वालियर 15, 16 और 17 अगस्त को तापमान 25°C से 31°C के बीच रहेगा और तीनों दिन यहां बारिश की पूरी संभावना है। 15 अगस्त को किला और जय विलास पैलेस देखने जा सकते हैं। बारिश को देखते हुए छाता अपने पास रखें।
उज्जैन 15, 16 और 17 अगस्त को उज्जैन का तापमान 23°C से 29°C के बीच रहेगा। 15 अगस्त को शहर में बादल छाए रहेंगे जबकि 16 और 17 को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आप इनमें से किसी भी दिन सही समय देखकर महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर सकते हैं।
ओरछा 15, 16 और 17 अगस्त को ओरछा का तापमान 25°C से 31°C के बीच रह सकता है। यहां तीनों दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के मौसम में राम राजा मंदिर का दर्शन कर सकते हैं और बेतवा नदी का नजारा देख सकते हैं। यह मौसम इलाके में फोटोग्राफी के लिए बढ़िया है।
अमरकंटक 15, 16 और 17 अगस्त को अमरकंटक का तापमान 21°C से 28°C के बीच रहेगा। तीनों ही दिन गरज के साथ हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है। अमरकंटक में देखने लायक ढेर सारी जगहें हैं और आप तीनों दिन वहां घूम सकते हैं। भारी बारिश में ट्रेकिंग से बचने की सलाह दी जाती है।
कान्हा राष्ट्रीय उद्यान 15, 16 और 17 अगस्त को कान्हा राष्ट्रीय उद्यान का तापमान 22°C से 30°C के बीच रह सकता है। तीनों ही दिन यहां बारिश की संभावना है। अच्छा समय देखकर सफारी के लिए जा सकतें हैं। पार्क प्रबंधन से रास्तों की जानकारी ले सकते हैं।
बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान 15, 16 और 17 अगस्त को बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान का तापमान 23°C से 31°C तक रह सकता है। तनों ही दिन यहां बारिश की संभावना है इसलिए यात्रियों को पूरी तैयारी के साथ निकलने की सलाह दी जाती है। सफारी बुकिंग से पहले मौसम की जानकारी लेना सही रहेगा।
भोपाल 15, 16 और 17 अगस्त को भोपाल का तापमान 23°C से 19°C तक रहने की संभावना है। तीनों ही दिन यहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि मौसम खुशगवार रहा तो शहर की झीलों की तरफ जाना अच्छा लग सकता है।
इंदौर 15, 16 और 17 अगस्त को इंदौर का तापमान 23°C से 28°C तक रहने की संभावना है, और तीनों दिन यहां बरसात हो सकती है। मौसम ठीक रहा तो सराफा बाजार और राजवाड़ा घूमा जा सकता है। घूमने के लिए सुबह या शाम का समय ज्यादा सही रहेगा।

इस तरह देखा जाए तो एक्यूवेदर के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 15, 16 और 17 अगस्त 2025 को मौसम ज्यादातर बादल और बारिश वाला रहेगा। पंचमढ़ी और अमरकंटक जैसी जगहों पर बारिश परेशानी पैदा कर सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।