1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदसौर में भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी के घर चोरी की कोशिश, अचानक टूटी पाइप, कार पर गिरा चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

मंदसौर में भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी के घर चोरी की कोशिश, अचानक टूटी पाइप, कार पर गिरा चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 19, 2026 07:08 pm IST,  Updated : Jul 19, 2026 10:14 pm IST

मंदसौर के बड़ी होली क्षेत्र में भाजपा मीडिया प्रभारी के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है, जहां पाइप के सहारे चोर घर में दाखिल हुआ, लेकिन घर में आहट होने पर आरोपी भागने लगा। इसी दौरान पाइप टूटने से चोर नीचे खड़ी कार पर गिर गया।

mp news- India TV Hindi
भाजपा मीडिया प्रभारी के घर चोरी की कोशिश Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के मंदसौर के बड़ी होली अंबाबाड़ी क्षेत्र में रविवार देर रात चोरी की कोशिश की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक शातिर चोर ने भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी के घर को निशाना बनाया। चोरी के इरादे से बदमाश भाजपा मंडल प्रभारी के घर पाइप के सहारे दाखिल हुआ। लेकिन, घर में आहट होने पर वह भागने लगा और मकान में घुसने के लिए इस्तेमाल किया गया पाइप अचानक टूट गया, जिससे चोर नीचे खड़ी चार पहिया कार पर आ गिरा। यह पूरा घटनाक्रम घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर मकान में घुसने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पाइप टूटने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे खड़ी कार की छत पर आ गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की विंडशील्ड टूट गई, लेकिन चोर को कुछ नहीं हुआ और वह तुरंत नीचे उतरकर मौके से भाग गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रहवासी इलाकों में सक्रिय चोरों के कारण लोगों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

पाइप से घर में दाखिल होने की कोशिश

मकान मालिक पंकज जोशी ने पूरी वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि घटना देर रात लगभग दो बजे की है। देर रात चोर आया और पाइप के सहारे घर में घुसने की कोशिश की। पंकज जोशी कहते हैं- 'रात करीब 2 बजे चोर ने घर में घुसने की कोशिश की। इस दौरान हम पीछे वाले कमरे में सो रहे थे। चोर छत के दरवाजे से घर में आया और कमरे में आने के बाद उसने सभी अलमारियां चेक की, लेकिन उसको अलमारियों में कुछ नहीं मिला, जिसके बाद वो वापस जाने के लिए खिड़की से बाहर निकलने लगा। भागने के लिए उसने जब पाइप पर पांव रखा तो पाइप टूट गया और नीचे खड़ी कार पर गिर गया। जिससे कार का शीशा टूट गया।

15/20 मिनट बाद वापस लौटा चोर

कार पर गिरने के बाद चोर यहां भाग गया, मगर फिर 15/20 मिनिट के बाद वो वापस आया और पीछे वाले मकान में घुस गया। आधे घंटे तक चोर इलाके में घूमता रहा। स्थानीय लोगों को शक है कि चोर इसी इलाके का रहने वाला है और कोई नशेबाज है, जो इलाके के बारे में अच्छे से जानता है और इसीलिए वह एक से दूसरे घर में घुसने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस से पूरी सर्चिंग का निवेदन किया है, ताकि आगे से कोई घटना ना हो और चोर को जल्दी से जल्दी गिरप्तार किया जा सके।

(मंदसौर से अशोक परमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः सीहोर में फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह, देर रात कॉलोनी में घुसकर की चोरी, वारदात कैमरे में कैद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।