इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुख्यात गुंडे सलमान लाला के समर्थकों की हरकतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला एक नाबालिग युवती की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से जुड़ा है। आरोप है कि गुंडे के समर्थकों ने नाबालिग की प्रोफाइल हैक कर उसमें से एक रील तैयार की और उसे सलमान लाला के समर्थन में वायरल कर दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
नाबालिग लड़की ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
दरअसल, कुछ दिन पहले कुख्यात बदमाश सलमान लाला की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद से ही उसके समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की रील और पोस्ट वायरल की जा रही हैं। इन पोस्टों का उद्देश्य सलमान लाला की छवि को महिमा मंडित करना और लोगों में सहानुभूति जुटाना बताया जा रहा है। इसी कड़ी में जब नाबालिग लड़की की प्रोफाइल से रील वायरल हुई तो परिजनों ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
साइबर टीम कर रही है मामले की जांच
पीड़िता के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी का इस तरह के आपराधिक तत्वों से कोई लेना-देना नहीं है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट का गलत उपयोग कर बदनाम करने की साजिश रची गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि किसने लड़की का अकाउंट हैक किया और रील बनाकर वायरल की। साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का यह भी कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
बता दें कि अभी हाल में ही कुख्यात गैंगस्टर सलमान लाला का शव सीहोर के पास इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर एक पानी से भरे गड्ढे से बरामद किया गया था। वह हत्या के प्रयास सहित 32 से अधिक मामलों में वांछित था।