1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अब इस राज्य के सभी 'सीएम राइज स्कूल' का नाम होगा 'संदीपनी विद्यालय', मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान

अब इस राज्य के सभी 'सीएम राइज स्कूल' का नाम होगा 'संदीपनी विद्यालय', मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 01, 2025 04:05 pm IST,  Updated : Apr 01, 2025 04:12 pm IST

सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर संदीपनी विद्यालय किए जाने पर मुख्यमंत्री ने वजह भी बताई है। सीएम ने कहा कि भगवान कृष्ण ने संदीपनी आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी। इसलिए इन स्कूलों का नाम संदीपनी विद्यालय किया गया है।

स्कूलों का बदला गया नाम- India TV Hindi
स्कूलों का बदला गया नाम Image Source : FILE PHOTO

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य में ‘सीएम राइज स्कूलों’ का नाम ‘संदीपनी विद्यालय’ होगा। यह नाम हिंदू पौराणिक कथाओं के संदीपनी आश्रम से प्रेरित है। सीएम मोहन यादव भोपाल में एक शैक्षणिक संस्थान में ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत राज्य भर के सरकारी स्कूलों में प्रवेश शुरू करने के लिए राज्य स्तरीय ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम-2025’ को संबोधित कर रहे थे। 

सीएम ने बताई नाम बदलने की वजह

सीएम मोहन यादव ने कहा, ‘भगवान कृष्ण ने संदीपनी आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी। इसलिए, ‘सीएम राइज स्कूलों’ का नाम संदीपनी के नाम पर होना चाहिए। अब राज्यभर में इन स्कूलों का नाम आचार्य संदीपनी के नाम पर रखा जाएगा और इन्हें संदीपनी विद्यालय कहा जाएगा।’ 

वे खुद सरकारी स्कूलों में पढ़े- सीएम यादव

इसके साथ ही मोहन यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण ने कंस के कुशासन का अंत किया और शिक्षा के महत्व का प्रचार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद सरकारी स्कूलों में पढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे कलाम जिन्हें ‘भारत के मिसाइल मैन’ के रूप में जाना जाता था, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सहित कई महान हस्तियों ने भी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की है। 

पीएम मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा विकास

सीएम ने कहा कि सरकार छात्रों को कोचिंग, स्कूली वर्दी, लैपटॉप, साइकिल और स्कूटर मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य शिक्षा के क्षेत्र में विकास कर रहा है। इससे पहले, यादव ने स्कूल में लड़कियों का स्वागत किया और केजी-2 कक्षा में उनके प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी कीं और उन्हें उपहार दिए। मुख्यमंत्री ने स्कूलों में प्रवेश के लिए राज्य शिक्षा विभाग के एक पोर्टल का भी शुभारंभ किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।