1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी: नदी में नहाने गई 7 साल की बच्ची को मगरमच्छ ने पकड़ा, आधा शरीर खाया, शव बरामद

एमपी: नदी में नहाने गई 7 साल की बच्ची को मगरमच्छ ने पकड़ा, आधा शरीर खाया, शव बरामद

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 28, 2026 11:47 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 11:47 pm IST

मध्य प्रदेश के मुरैना में एक 7 साल की बच्ची को मगरमच्छ ने पकड़ लिया और उसका आधा शरीर खा लिया। बच्ची का शव 7 घंटे के बाद बरामद कर लिया गया है।

MP News- India TV Hindi
7 साल की बच्ची का शव बरामद Image Source : REPORTER INPUT

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 7 साल की बच्ची को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया और उसका आधा शरीर खा लिया। बड़ी मुश्किल से बच्ची का शव बरामद हुआ है, जोकि आधा ही है। एसडीईआरएफ के दल ने मगर के मुंह से बच्ची का शव निकाला। 

क्या है पूरा मामला?

चंबल नदी के तट पर प्रतिदिन की तरह नहाने गई 7 वर्षीय बालिका राबी को मगर ने अपने जबड़े में दबोच लिया। बालिका को लेकर लगभग 7 घंटे तक मगर चंबल नदी में घूमता रहा। परिजनों की सूचना पर पुलिस के द्वारा बुलाए गए एसडीईआरएफ दल ने 6-7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची के शव को मगर के जबड़े से मुक्त कराया लेकिन तब तक मगर ने बालिका के कमर के नीचे के हिस्सा को अपना निवाला बना लिया था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए कैलारस चिकित्सालय भेजा गया है। यह घटना आज जिले के चिन्नोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंगरौली के वैदपुरा गांव की तलहटी में चंबल नदी के किनारे घटित हुई। 

यह गांव केवट समुदाय का होने के कारण गांव के निवासी प्रतिदिन चंबल नदी के पानी का उपयोग जीवन यापन के लिए करते हैं। सुबह 9 बजे ग्रामीण विजय सिंह केवट की 7 वर्षीय पुत्री राबी चंबल नदी में नहाने के लिए गई थी। इस दौरान नदी से निकले एक मगर ने उसे अपना शिकार बना लिया। नदी तट पर उपस्थित ग्रामीणों के चीखने चिल्लाने पर बालिका राबी को जबड़े में दबाकर मगर पानी में नीचे चला गया। ग्रामीणों की सूचना पर चिन्नोनी थाना पुलिस द्वारा एसडीईआरएफ दल को बुलाया गया।

चिन्नोनी थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा ने बताया कि पुलिस के साथ दल के सभी सदस्यों ने लगभग 6-7 घंटे तक चंबल नदी के तट पर कड़ी मशक्कत की, तब कहीं बालिका राबी के शव को मगर से मुक्त करा पाए। हालांकि मगर ने  7 घंटे के दौरान बालिका की कमर के नीचे के हिस्सा को अपना निवाला बना लिया था। (रिपोर्ट- उपेंद्र गौतम)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।