1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अल-फलाह यूनिवर्सिटी के VC के पैतृक मकान पर बुलडोजर एक्शन पर रोक, MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

अल-फलाह यूनिवर्सिटी के VC के पैतृक मकान पर बुलडोजर एक्शन पर रोक, MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

 Published : Nov 22, 2025 03:56 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 04:06 pm IST

इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर महू की छावनी परिषद के रिकॉर्ड में मुकेरी मोहल्ले का मकान क्रमांक 1371 जवाद अहमद सिद्दीकी के दिवंगत पिता हम्माद अहमद के नाम पर दर्ज है। इसी पैतृक मकान पर होने वाली बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाई गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

फरीदाबाद के अल-फलाह यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति जवाद अहमद सिद्दीकी के महू स्थित पैतृक मकान का ‘अनधिकृत निर्माण’ हटाए जाने को लेकर छावनी परिषद के नोटिस के अमल पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर पीठ ने अंतरिम रोक लगा दी है। ‘हिबानामा' (इस्लामी परंपरा के मुताबिक भेंट स्वरूप किसी व्यक्ति के नाम जायदाद कर देना) के जरिए इस मकान पर मालिकाना हक का दावा करने वाले एक व्यक्ति की याचिका पर अदालत ने यह आदेश जारी किया। 

दिल्ली में ब्लास्ट से जुड़ा है मामला

दिल्ली में लाल किला के निकट धीमी गति से चलती कार में हुए विस्फोट की घटना के बाद, अल-फलाह यूनिवर्सिटी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जांच के घेरे में है। 10 नवंबर को हुए इस विस्फोट में 15 लोगों की जान चली गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जवाद अहमद सिद्दीकी मूल रूप से महू के रहने वाले हैं और उनके पिता हम्माद अहमद लंबे समय तक महू के शहर काजी रहे थे जिनका वर्षों पहले निधन हो चुका है। 

19 नवंबर को जारी किया गया था नोटिस

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर महू की छावनी परिषद के रिकॉर्ड में मुकेरी मोहल्ले का मकान क्रमांक 1371 जवाद अहमद सिद्दीकी के दिवंगत पिता हम्माद अहमद के नाम पर दर्ज है। छावनी परिषद के 19 नवंबर को जारी नोटिस में कहा गया था कि तीन दिन के भीतर इस मकान का ‘अनधिकृत निर्माण’ हटा लिया जाए, अन्यथा परिषद संबद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत इस निर्माण को ढहा देगी और इस कार्रवाई का खर्च मकान के कब्जाधारी या संपत्ति के मालिक के वैध वारिसों से वसूला जाएगा। 

हाई कोर्ट में दायर की गई थी याचिका

महू के इस मकान में रह रहे अब्दुल माजिद (59) ने छावनी परिषद के नोटिस को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। खुद को पेशे से किसान बताने वाले माजिद ने याचिका में कहा कि अपने पिता हम्माद अहमद के निधन के बाद यह संपत्ति उन्हें जवाद अहमद सिद्दीकी ने वर्ष 2021 में ‘हिबा’ के तहत दी थी और ‘हिबानामा' के आधार पर याचिकाकर्ता ही इसका मालिक है। माजिद के वकील अजय बागड़िया ने हाई कोर्ट में दलीली दी कि छावनी परिषद ने उनके मुवक्किल को सुनवाई का कोई मौका दिए बिना ही नोटिस जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता को सुनवाई का एक अवसर दिया जाना चाहिए। 

कोर्ट ने कहा, उसे सुनवाई का दिया जाना चाहिए मौका

उधर, छावनी परिषद के वकील आशुतोष निमगांवकर ने अदालत में दलील दी कि इस मकान को लेकर पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इनका कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया, इसलिए अब याचिकाकर्ता को जवाब दाखिल करने की मोहलत नहीं दी जानी चाहिए। हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति प्रणय वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलों पर गौर के बाद कहा, ‘नोटिस को देखने से लगता है कि याचिकाकर्ता को हालांकि पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वे लगभग 30 साल पहले 1996/1997 में जारी किए गए थे और उसके बाद अब नोटिस जारी किया गया है। अगर पिछले नोटिस जारी होने के तकरीबन 30 साल बाद याचिकाकर्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई की जानी थी, तो उसे सुनवाई का मौका दिया जाना चाहिए था।’

याचिकाकर्ता के खिलाफ नहीं की जाएगी कठोर कार्रवाई- कोर्ट

एकल पीठ ने आदेश में कहा, ‘मामले के मौजूदा तथ्यों को देखते हुए निर्देश दिया जाता है कि याचिकाकर्ता 15 दिनों के भीतर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ प्रतिवादियों/सक्षम प्राधिकारी के सामने अपना जवाब दाखिल करे। इसके बाद याचिकाकर्ता को सुनवाई का पूरा मौका दिया जाएगा और इसके पश्चात मामले में एक तर्कपूर्ण आदेश जारी किया जाएगा।' हाई कोर्ट ने कहा कि जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, याचिकाकर्ता के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह याचिका के तथ्यों पर कोई विचार किये बिना इसका निस्तारण कर रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।