1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. हत्या या आत्महत्या: फाइनेंस दफ्तर की बिल्डिंग से कर्मचारी के गिरने का लाइव वीडियो आया सामने

हत्या या आत्महत्या: फाइनेंस दफ्तर की बिल्डिंग से कर्मचारी के गिरने का लाइव वीडियो आया सामने

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 27, 2026 09:46 am IST,  Updated : Jun 27, 2026 09:46 am IST

गुना में एक फाइनेंस कंपनी के 30 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत ने बवाल मचा दिया है। इस मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था।

MP News- India TV Hindi
मप्र न्यूज Image Source : IMAGE SOURCE-INDIA TV

गुना। मध्य प्रदेश के शहर गुना के एबी रोड पर स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बिल्डिंग से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से 30 वर्षीय कर्मचारी सचिन सेन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद युवक का नीचे गिरते हुए एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। इस रूह कंपा देने वाले हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने शुक्रवार देर शाम शहर के प्रमुख हनुमान चौराहे पर आरोपी मैनेजर व अन्य अधिकारियों पर हत्या और प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले इस चक्काजाम के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचीं एसडीएम शिवानी पांडे और एसडीओपी विवेक अष्ठाना सहित भारी पुलिस बल ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का ठोस आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया।

मीटिंग के नाम पर 3 दिन से बंधक बनाने का आरोप

मृतक सचिन सेन निवासी लूसन का बगीचा, गुना के परिजनों ने श्रीराम फाइनेंस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई मनीष सेन ने बताया कि सचिन पिछले दो वर्षों से इस कंपनी में पूरी ईमानदारी से काम कर रहा था। तीन दिन पहले उसने घर पर बताया था कि उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्वालियर में एक बेहद महत्वपूर्ण मीटिंग है और वह मीटिंग खत्म करके ही घर लौटेगा। इसके बाद से वह घर नहीं आया था, लेकिन फोन पर लगातार परिवार के संपर्क में था। वह हर बार फोन पर यही कहता था कि वह अपने सर (अधिकारियों) के साथ है और काम में व्यस्त है। परिजनों का आरोप है कि ग्वालियर से आए एक वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी के स्थानीय कर्मचारी हालिम सहित करीब 8 से 10 लोग सचिन को ऑफिस के भीतर बंधक बनाकर रखे हुए थे और उसे घर नहीं जाने दे रहे थे।

भाई का रो-रोकर बुरा हाल

भाई मनीष सेन ने रोते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी और कर्मचारी सचिन पर पैसों के किसी मामले को लेकर अत्यधिक मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे। प्रताडऩा की हद पार करते हुए आरोपियों ने सचिन से बेहद अमानवीय शब्द कहे थे। मनीष के अनुसार, आरोपियों ने सचिन को धमकाते हुए कहा था कि चाहे अपनी मम्मी को बेचो या अपनी पत्नी को बेचो, लेकिन हमें कहीं से भी पैसे लाकर दो। घटना के कुछ समय पहले ही सचिन की अपने भाई से फोन पर बात हुई थी, तब उसने घबराहट और हड़बड़ाहट में कहा था कि वह अभी साहब लोगों के साथ बैठा है और बाद में बात करेगा। इसके तुरंत बाद यह आत्मघाती कदम उठाने या धक्का दिए जाने की घटना सामने आ गई। परिजनों का कहना है कि सचिन या तो आरोपियों के टॉर्चर और चंगुल से भागने की कोशिश में बिल्डिंग से नीचे कूदा है या फिर आरोपियों ने राज छुपाने के लिए उसे ऊपर से धक्का देकर गिरा दिया है। मृतक अपने पीछे एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे और पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

बिल्डिंग से गिरने का लाइव वीडियो आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर एक लाइव वीडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक श्रीराम फाइनेंस कंपनी की बहुमंजिला बिल्डिंग से सीधे नीचे सडक़ पर आकर गिरता है। वीडियो के सामने आने के बाद से शहर के आम नागरिकों में फाइनेंस कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश फैल गया है। लोग इस वीडियो के आधार पर पुलिस से निष्पक्ष और बारीकी से जांच करने की मांग कर रहे हैं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

हनुमान चौराहे पर चक्काजाम, अफसरों ने संभाला मोर्चा

घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने शुक्रवार देर शाम सचिन के शव को लेकर हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी मैनेजर और प्रताड़ित करने वाले अन्य अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। चक्काजाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और दोनों तरफ वाहनों के पहिए थम गए। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम शिवानी पांडे और एसडीओपी विवेक अष्ठाना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की बात सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की बारीकी से जांच हो रही है, लाइव वीडियो और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस समझाइश और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

अधिकारियों का पक्ष

सचिन सेन नाम का लडक़ा बिल्डिंग से गिरने के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल आया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस की विशेष टीम इस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा कंपनी के अधिकारियों पर लगाए गए बंधक बनाने और प्रताडऩा के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। घटना स्थल के साक्ष्य, वायरल लाइव वीडियो और तकनीकी डेटा की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-रितेश सिंह राजपूत (गुना)

ये भी पढ़ें-संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस की बड़ी चूक, छतरपुर में उल्टा संविधान पकड़े दिखे राहुल गांधी के पोस्टर

 मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, लोकतंत्र सेनानियों को तीर्थयात्रा कराएगी सरकार, मिलेंगी कई सुविधाएं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।