मध्य प्रदेश के पन्ना में सेवा के एक जवान का अमानवीय चेहरा सामने आया है। आरोपी जवान ने अपनी पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा है कि वह मरणासन्न अवस्था में पहुंच गई। अस्पताल में पीड़ित महिला का इलाज जारी है। हालांकि, इस घटना को लेकर आरोपी जवान या महिला के ससुराल पक्ष की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। आरोपी इंडियन आर्मी में हवलदार है और शराब का आदी है। वह अक्सर नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता है। इस बार उसने पत्नी को पीटकर अधमरा कर दिया। पीड़िता ने मोहल्ले की महिला से नाजायज संबंधों का आरोप लगाया है।
इंडियन आर्मी में हवलदार पद पर पदस्थ सतीश अवस्थी की पत्नी वर्षा अवस्थी ने आरोप लगाया है कि उसका पति शराब का आदी है और मोहल्ले की एक महिला से नाजायज संबंध रखता है। जब-जब वह छुट्टी पर घर आता है, तब-तब उस पर बेरहमी से अत्याचार करता है।
घटना शुक्रवार शाम की है। पत्नी ने बताया कि वह साते संतान का व्रत रखे हुए थी और सहेली से फोन पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान नशे में धुत पति घर पहुंचा और बिना कुछ सुने उस पर टूट पड़ा। आरोपी पति ने जमकर मारपीट की, जिससे महिला अधमरी हालत में मकान के सामने पड़ी रही। शोर-गुल सुनकर मोहल्ले वासी पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता की शिकायत पर अजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि "महिलाओं पर हो रहे ऐसे अत्याचारों पर आखिर कब अंकुश लगेगा।
(पन्ना से अमित सिंह की रिपोर्ट)
संपादक की पसंद