1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. "लक्ष्मीबाई लड़ी थी गोरों से, प्रियंका दीदी अब लड़ना है चोरों से" ग्वालियर में चुनाव से पहले कांग्रेस-बीजेपी में शुरू हुआ पोस्टर वार

"लक्ष्मीबाई लड़ी थी गोरों से, प्रियंका दीदी अब लड़ना है चोरों से" ग्वालियर में चुनाव से पहले कांग्रेस-बीजेपी में शुरू हुआ पोस्टर वार

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Swayam Prakash
 Published : Jul 21, 2023 12:15 pm IST,  Updated : Jul 21, 2023 12:18 pm IST

प्रियंका गांधी ग्वालियर से इसी साल होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का आगाज करने जा रही हैं। लेकिन इससे पहले शहरभर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार देखने को मिल रहा है।

poster war congress- India TV Hindi
प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे से पहले कांग्रेस की ओर से लगाए गए पोस्टर Image Source : INDIA TV

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा आज केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी ग्वालियर से इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव का आगाज करने जा रही हैं। लेकिन इससे पहले शहरभर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर कांग्रेस ने प्रियंका के नारों और सिंधिया की गद्दारी वाले पोस्टर लगाए हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी ने भी 'प्रियंका गांधी जी मुस्कुराइए' वाले पोस्टर लगाए हैं।

कांग्रेस ने सिंधिया की गद्दारी वाले पोस्टर लगाए

दरअसल, आज ग्वालियर में खुद्दार और गद्दार के नारों और लक्ष्मीबाई की समाधि पर माल्यार्पण के साथ प्रियंका गांधी 2023 के विधानसभा चुनावों का आगाज कर रही हैं। इस दौरान शहर में कांग्रेस ने पोस्टर भी लगावाए जिनमें लिखा है, "वीरांगना लक्ष्मीबाई लड़ी थी गोरों से, प्रियंका दीदी अब लड़ना है चोरों से"। ना केवल इतना बल्कि, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे को लेकर शहर में सिंधिया के खिलाफ भी पोस्टर लगाए गए हैं। सिंधिया के गद्दारी वाले पोस्टर में लिखा है, "बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी। अंग्रेजों के मित्र सिंधिया ने छोड़ी राजधानी थी, खूब लड़ी मर्दानी थी, वह तो झांसी वाली रानी थी।" कांग्रेस के इसी पोस्टर में नीचे लिखा गया, "1857  में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साथ गद्दारी, 1967 में डी.पी मिश्रा कांग्रेस के मुख्यमंत्री के साथ गद्दारी, 2020 में कांग्रेस के मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ गद्दारी।" 

BJP ने भी प्रियंका के स्वागत में लगाए अनोखे पोस्टर
वहीं दूसरी ओर इस पोस्टरवार में बीजेपी भी पीछे नहीं है। भाजपा ने 'प्रियंका जी मुस्कुराइए आप मध्य प्रदेश में हैं' के पोस्टर लगाए हैं। प्रियंका गांधी के दौरे के पहले ग्वालियर में बीजेपी ने प्रियंका के स्वागत के लिए अनोखे पोस्टर लगाए हैं। बीजेपी के इन पोस्टरों में लिखा है, "प्रियंका गांधी जी मुस्कुराइए,आप मध्य प्रदेश में है... जहां 45 लाख लाड़ली लक्ष्मी हैं, लाड़ली बहना को 1000 रुपए मिल रहे हैं। किसानों को कर्जमाफी का झांसा नहीं, ऋण ब्याज माफी का पैसा सरकार दे रही है।"

BJP ने अपने पोस्टरों में लिखा, "प्रियंका गांधी जी मुस्कुराइए,आप मध्य प्रदेश में है... जहां सबसे ज्यादा गरीबी घटी है। विकास दर 19.76% है। बेरोजगारी भत्ता का झांसा नहीं बल्कि सीखो कमाओ योजना है। जहां योजनाएं बंद नहीं बेहतर हो रही हैं। बिटिया बोझ नहीं देवियां हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से लखपति बेटी पैदा हो रही है। बुजुर्ग अब हवाई यात्रा से तीर्थदर्शन कर रहे हैं।

बता दें कि आज ग्वालियर में प्रियंका गांधी की महाजनसभा का आयोजन है। यहां दो लाख से अधिक कांग्रेसी और आमजन सभा में पहुंचने की उम्मीद है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

ये भी पढ़ें-

जेल से बाहर आते ही अपने पुराने रंग में दिखा गुरमीत राम रहीम, सोशल मीडिया पर डाला वीडियो

मध्य प्रदेश: इस घर में 15 सालों से परिवार की तरह रहती हैं मधुमक्खियां, बरामदे में लगे हैं 6 बड़े छत्ते
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।