1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन: इंदौर में सूखी घास पर हरा रंग छिड़कने का वीडियो वायरल, कांग्रेस बोली- वाह शिवराज वाह!

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन: इंदौर में सूखी घास पर हरा रंग छिड़कने का वीडियो वायरल, कांग्रेस बोली- वाह शिवराज वाह!

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Jan 09, 2023 11:12 am IST,  Updated : Jan 09, 2023 11:12 am IST

भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने रविवार को इस वीडियो को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा- अकल्पनीय, अविश्वसनीय तस्वीरें।

सूखी घास पर हरा रंग छिड़कने का वीडियो वायरल- India TV Hindi
सूखी घास पर हरा रंग छिड़कने का वीडियो वायरल Image Source : VIDEO GRAB

मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के आयोजन के बीच एक चौराहे पर सूखी घास पर स्प्रे मशीन से कथित रूप से हरा रंग छिड़का जा रहा था। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के जरिये कांग्रेस के कई नेताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी सोमवार को इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करने वाले हैं। 

"अकल्पनीय, अविश्वसनीय तस्वीरें..."

भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने रविवार को इस वीडियो को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा,‘‘अकल्पनीय, अविश्वसनीय तस्वीरें। प्रधानमंत्री के इंदौर दौरे के पहले इंदौर को हरा-भरा बनाने के लिए भाजपा सरकार ने घास को ही हरे रंग से रंग दिया। वाह शिवराज वाह!’’ दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी सोमवार को यहां 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करने वाले हैं। हालांकि संबंधित वीडियो के बारे में इंदौर नगर निगम के अधिकारियों ने कोई भी प्रतिक्रिया कई प्रयासों के बावजूद भी नहीं दी है। 

बीजेपी बोली- कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा
इसबीच भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा,‘‘प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की मेजबानी का बड़ा मौका हासिल करने वाले इंदौर को बेहद कम समय में सजाया-संवारा गया है और इससे कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है।’’ सलूजा ने दावा किया कि जब भी देश में कोई अच्छा काम होता है, कांग्रेस खुश नहीं होती है। 

चार साल बाद पहली बार भौतिक रूप से आयोजित
अधिकारियों ने पहले बताया था कि प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन चार साल के अंतराल के बाद पहली बार भौतिक रूप से आयोजित किया जा रहा है और करीब 70 देशों के 3,500 से ज्यादा भारतवंशियों ने इसमें हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण कराया है। इससे पहले प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2021 में कोविड-19 वैश्विक महामारी के प्रकोप के चलते वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये आयोजित किया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को भारत की स्वतंत्रता में प्रवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को रेखांकित करने के लिए ‘आजादी का अमृत महोत्सव-भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में प्रवासी भारतीयों का योगदान’ विषय पर डिजिटल प्रवासी भारतीय दिवस प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।