Saturday, March 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल के निजी कॉलेज में रोजा इफ्तार पर बवाल, हिंदू संगठनों ने किया जमकर हंगामा, जानें छात्रों ने क्या कहा

भोपाल के निजी कॉलेज में रोजा इफ्तार पर बवाल, हिंदू संगठनों ने किया जमकर हंगामा, जानें छात्रों ने क्या कहा

Reported By : Anurag Amitabh Edited By : Vineet Kumar Singh Published : Mar 14, 2026 02:40 pm IST, Updated : Mar 14, 2026 02:41 pm IST

भोपाल के आरडी मेमोरियल कॉलेज में इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल होने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस्लामीकरण का आरोप लगाया, जबकि कॉलेज प्रशासन और छात्राओं ने कहा कि किसी पर दबाव नहीं था और सभी त्योहार मिलकर मनाए जाते हैं।

Bhopal college iftar controversy, RD Memorial College protest, VHP Bajrang Dal protest Bhopal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भोपाल के आरडी मेमोरियल कॉलेज में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था।

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नीलबड़ इलाके में स्थित आरडी मेमोरियल कॉलेज में 11 मार्च को हुई इफ्तार पार्टी को लेकर तनाव फैल गया। मुस्लिम छात्र-छात्राओं और स्टाफ के साथ हिंदू छात्राएं भी इफ्तार में शामिल दिखाई दीं। वीडियो वायरल होने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज कैंपस घेर लिया। उन्होंने कॉलेज गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया, हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरोप लगाया कि कॉलेज में इस्लामी जिहाद फैलाया जा रहा है। हिंदू संगठनों का प्रदर्शन इतना तेज था कि पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल गया।

Related Stories

'किसी ने किसी को जबरदस्ती नहीं किया'

कॉलेज में इफ्तार पर हिंदू संगठनों का कहना है कि शिक्षा संस्थानों का इस्लामीकरण हो रहा है। उन्होंने कॉलेज परिसर में गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण भी किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि कॉलेज में किसी भी तरह का धार्मिक एकतरफापन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया। कॉलेज स्टाफ ने स्पष्ट कहा, 'यहां सभी त्योहार मनाए जाते हैं। होली भी मनाई गई थी। किसी ने किसी को जबरदस्ती नहीं किया।' हिंदू छात्राओं ने भी स्टाफ की बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया, 'किसी ने फोर्स नहीं किया। मुस्लिम छात्रों ने हमें खुद आमंत्रित किया था। हम अपनी इच्छा से गए थे।'

'मुस्लिम छात्रों ने भी रंग-गुलाल खेला था'

छात्राओं ने कहा कि मुस्लिम छात्रों ने भी होली के मौके पर उनके साथ रंग-गुलाल खेला था, और वे सभी मिलकर त्योहार मनाते हैं। वीएचपी संयोजक जितेंद्र चौहान ने कहा कि कॉलेज में इस्लामीकरण की कोशिश हो रही है और इसे रोकना जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कॉलेज प्रशासन तुरंत स्पष्ट रुख अपनाए और किसी भी धर्म विशेष को प्रोत्साहित न करे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन कॉलेज गेट पर भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि आगे किसी तरह का बवाल न हो सके।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement