मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मामला राजगढ़ के खिलचीपुर क्षेत्र का है, जहां के बामन गांव में एक जनपद सदस्य के यहां कुंए की खुदाई के दौरान मिट्टी अचानक ही भरभराकर नीचे धंस गई। जिससे हादसे में जनपद सदस्य की मां और पत्नी मिट्टी के नीचे दब गईं। घटना बुधवार दोपहर 1 बजे करीब की बताई जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के द्वारा तीन जेसीबी और पोकलेन मदद के लिए भेजी गई हैं, जिसके जरिए मिट्टी हटाने और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर लाने की कोशिश की जा रही है।
मिट्टी में दबी गईं सास-बहू
जानकारी के अनुसार जनपद सदस्य व कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष मुकेश कोट के यहां खेत पर केन की खुदाई की जा रही थी, जहां जनपद अध्यक्ष की जनपद सदस्य की 60 वर्षीय मां रूपा बाई, 30 वर्षीय बहू पिंकी भी मौजूद थीं। दोनों कुएं के अंदर उतरकर उसमें मौजूद मलबा और मिट्टी निकालने के काम में जुटी थीं। इसी दौरान अचानक कुएं की दीवार के आसपास की मिट्टी भरभराकर गिर गई। जिससे 60 वर्षीय मां रूपा बाई, 30 वर्षीय बहू पिंकी मिट्टी के नीचे दब गईं। मिट्टी के कारण कुआं पूरी तरह से भर गया, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।
मौके पर पहुंची चिकित्सा टीम
घटना के बाद रूपा कोट और पिंकी कोट को बचाने के लिए प्रशासन के द्वारा मिट्टी हटाने के लिए 3 जैसबी मशीन लगाई गई हैं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की जानकारी लगने के बाद महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के लिए खिलजीपुर अस्पताल से डॉक्टर और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची है। अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को बाहर निकालने के बाद ही तत्काल बचाव के लिए अस्पताल में भिजवाया जाएगा। जिसको लेकर हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
गांव में मचा हड़कंप
इस घटना की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी, पूरे गांव में हड़कंप मच गया। कई ग्रामीण भागते हुए मदद के लिए भी पहुंचे और मिट्टी हटाने का प्रयास किया, लेकिन मिट्टी काफी ज्यादा थी, जिसके चलते अब जेसीबी से मिट्टी हटाई जाने लगी। लेकिन, जेसीबी से भी सफलता मिलती न देखकर पोकलेन के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। उधर कुएं के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि कुआं करीब 50 फीट गहरा है।
(रिपोर्ट- गोविंद सोनी)
ये भी पढ़ेंः मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात, अब पुलिस में कर सकेंगे नौकरी