1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'पाकिस्तानी एजेंट' बताकर रिटायर्ड अफसर से ठगी, 4.05 लाख हड़पे, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

'पाकिस्तानी एजेंट' बताकर रिटायर्ड अफसर से ठगी, 4.05 लाख हड़पे, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Aug 10, 2026 04:43 pm IST,  Updated : Aug 10, 2026 04:43 pm IST

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रिटायर्ड अधिकारी से 4 लाख 5 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच में लगे हुए हैं।

crime news- India TV Hindi
रिटायर्ड अधिकारी के नाम से की ठगी Image Source : MAGNIFIC

मध्य प्रदेश के खंडवा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रिटायर्ड अधिकारी से 4 लाख 5 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में झाबुआ जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को कश्मीर पुलिस का अधिकारी बताकर 65 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी को वीडियो कॉल किया था। उसने अधिकारी को पहलगाम आतंकी हमले का संदिग्ध बताते हुए कहा कि उनका संबंध पाकिस्तान के आतंकियों से है और वे पाकिस्तानी एजेंट हैं। आरोपी ने रिटायर्ड अधिकारी को धमकाते हुए कहा कि मामले से नाम बाहर करना आसान नहीं होगा और इसके लिए उन्हें बड़ी रकम चुकानी पड़ेगी। एमपी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और चोरों में पुलिस का डर भी कम होता नजर आ रहा है।

पाकिस्तानी एजेंट होने का दिखाया डर

इन धमकियों से घबराए आनंदनगर निवासी श्रवण कुमार ने आरोपी के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 4 लाख 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। श्रवण कुमार महाराष्ट्र की एक मिल से अधिकारी पद से रिटायर हुए हैं। रुपए मिलने के बाद ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका नाम मामले से बाहर कर दिया गया है और उन्हें क्लीन चिट मिल गई है। इसके बाद आरोपी ने उन्हें थाने जाकर क्लीन चिट से जुड़े दस्तावेज लेने के लिए कहा। ठगों की बात पर भरोसा कर श्रवण कुमार रामेश्वर चौकी पहुंच गए।

रिटायर्ड अफसर से लाखों की ठगी

श्रवण कुमार को तब झटका लगा, जब वहां पुलिसकर्मियों से क्लीन चिट के दस्तावेज मांगे। इस पर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े ने उन्हें बताया कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिन बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए थे। उनमें से एक खाता आकाश उर्फ हाव सिंग पिता गुलचंद उर्फ गुलशन उर्फ गुल्ला भूरिया उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम नरवालिया झाबुआ के नाम पर है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उसकी लोकेशन पिछले कई दिनों से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में मिल रही थी। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जैसे ही आरोपी झाबुआ पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ठगी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

(इनपुट - प्रतीक मिश्रा)

ये भी पढ़ें - इंदौर का हाईटेक चोर गिरफ्तार, मैकेनिकल इंजीनियर ने चुना चोरी का रास्ता, महंगे गैजेट्स बेचकर करता था मोटी कमाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।